अपना खाना और बर्तन ले जाकर दलितों के घर खाते हैं भाजपा-कांग्रेस के नेता: मायावती
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सीएम आदित्यनाथ के प्रतापगढ़ में दलित के घर जाकर भोजन करने को यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री और बसपा मुखिया मायवाती ने एक ढोंग बताया है। मायावती ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस के लोगों के दिलों में दलितों के लिए क्या भरा हुआ है, ये किसी से छुपा नहीं है लेकिन चुनाव से पहले वो झूठा दलित प्रेम दिखाकर उनका वोट लेना चाहते हैं। मायावती ने कहा कि योगी आदित्यनाथ और भाजपा को दलितों और पिछड़े की कोई फिक्र नहीं है, सिर्फ चुनाव के लिए ये लोग दलित के साथ फोटो खिंचाने का नाटक करते हैं।

अपने बर्तन लेकर जातें भाजपा नेता
मायावती ने कहा है जब मुख्यमंत्री आदित्यनाथ दलित के घर खाना खाने जाते हैं, तो भोजन और बर्तन भी साथ लेकर जाते हैं। उन्होंने कहा कि हर कोई जानता है बीजेपी दलितों के बारे में क्या सोचती है और ये हकीकत है कि भाजपा के लोग दलितों को पंसद नहीं करते हैं। मायावती ने कहा कि दलित तो इनकी नौटंकी खूब समझ रहे हैं और वो किसी बहकावे में आने वाले नहीं है, दलित इन लोगों को चुनाव में सबक सिखाएंगे।

कांग्रेस भाजपा एक ही सिक्के के दो पहलू
बसपा प्रमुख ने भाजपा के साथ-साथ कांग्रेस को भी जमकर निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और बीजेपी एक ही सिक्का के दो पहलू हैं, पहले जो कांग्रेस करती थी, वही अब बीजेपी के नेता कर रहे हैं। मायावती ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस के नेताओं की सच्चाई ये है कि ये लोग दलित की छाया भी अपने ऊपर पड़ने देना पसंद नहीं करते हैं।

दलित के घर पहुंचे थे योगी
उत्तर प्रदेश के सीएम योगी ने सोमवार को प्रतापगढ़ के दौर पर थे। इस दौरान कंधई मधुपुर गांव में उन्होंने चौपाल लगाकर जनता की समस्याएं सुनीं। इसके बाद सीएम और दूसरे नेताओं ने दलित दयाराम सरोज के के घर जाकर भोजन किया। योगी आदित्यनाथ जिस दलित के यहां भोजन करने गए थे, उसी के घर जाकर मंत्री स्वाति सिंह ने रोटियां सेंकी थीं। इस दौरान योगी ने कहा कि उनकी सरकार की कोशिश समाज के निचले तबके तक लाभ पहुंचाने की है। योगी के इस कदम को दलितों को रिझाने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications