कार्यकाल के 4 साल पूरे होने पर बोले CM योगी- '1 ट्रिलियन अर्थव्यवस्था की ओर तेजी से बढ़ रहे हम'
लखनऊ: योगी आदित्यनाथ ने 19 मार्च 2017 को देश के सबसे बड़े सूबे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी। ऐसे में आज उनके कार्यकाल को चार साल पूरे हो गए हैं। साथ ही लॉकडाउन को भी एक साल का वक्त पूरा होने वाला है। इस बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इससे जुड़े अपने अनुभव को साझा किया। उन्होंने बताया कि जनता कर्फ्यू का दिन उन्हें अच्छे से याद है, जब राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति ने फोन पर बात की। वे इस बात को लेकर चिंतित थे कि घनी आबादी और खराब स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ यूपी जैसा विशाल राज्य इस महामारी का सामना कैसे करेगा। इस पर सीएम ने खुद उन्हें आश्वासन दिया कि यूपी वायरस को रोकने और उससे निपटने के लिए पूरी कोशिश करेगा।

Recommended Video
सीएम के मुताबिक उन्होंने दो टीमों का गठन किया। एक में मंत्री परिषद के सदस्य थे, जबकि दूसरे में अधिकारियों की टीम, ताकी जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई हो सके। वहीं अन्य राज्यों में फंसे यूपी के लोगों पर भी प्रशासन ने पूरी नजर रखी। इस वजह से आज उन्हें ये बताते हुए अपार संतुष्टि है कि इस वैश्विक महामारी के वक्त यूपी एकजुट रहा। सीएम योगी ने कहा कि प्रति व्यक्ति की आय 2015-16 में 47116 रुपये थी, जो अब बढ़कर 94,495 रुपये सालाना हो गई है। इसके अलावा इन चार सालों में 40 लाख से ज्यादा परिवारों को आवास मिला और 1.4 करोड़ लोगों ने बिजली का कनेक्शन हासिल किया।
उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश में पांच एक्सप्रेस-वे तेज गति से तैयार हो रहे हैं, जबकि डिफेंड कॉरिडोर देश को रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने का काम कर रहे हैं। इन बदलते परिवेश की वजह से यूपी आज निवेशकों की पहली पसंद है। सिर्फ चार साल के अंदर ईज ऑफ डूइंग बिजनेस की राष्ट्रीय रैंकिंग में दूसरे नंबर पर पहुंचना आसान काम नहीं है, लेकिन बीजेपी सरकार ने ये कर दिखाया। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आत्मनिर्भर भारत और 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का सपना देखा है। यूपी इस सपने को साकार करने में पूरा साथ देगा। मौजूदा वक्त में हम 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर हैं। आने वाले दिनों में हमारा लक्ष्य सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) के मामले में नंबर 1 बनने का है।
सीएम ने कहा कि ODOP और MSME रोजगार पैदा करने के लिए हमारे विकास इंजन होंगे। किसानों की आय दोगुना करना हमारा प्राथमिक लक्ष्य है। हम उनके लिए सभी तकनीकी सहायता का विस्तार करेंगे और उनमें विविधता लाने में मदद करेंगे। उन्होंने अंत में कहा कि मेरे लिए कार्यकाल के चार साल संतुष्टि भरे हैं। हम ईमानदारी और निष्ठा के साथ काम करते रहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications