राम लला ने भी इस बार खेली होली, सीएम योगी बोले- 500 वर्षों की प्रतीक्षा के बाद आई ये घड़ी
देशभर में इस बार की होली बेहद खास है। पहली बार अयोध्या में भगवान राम के मंदिर में होली की खुशी का जश्न नजर आया है। राम लला के हाथों में पिचकारी देखकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुशी जाहिर की है।
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की ओर से राम लला की तस्वीर को सोशल मीडिया पर शेयर किया गया है। तस्वीर को शेयर करते हुए लिखा गया रंगोत्सव के अवसर पर, भगवान श्री रामलला सरकार भक्तों के संग होली खेलते हुए। प्रभु आज एक पिचकारी भी धारण किए हुए हैं। प्रभु श्री राम की तस्वीर पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा 500 वर्षों की प्रतीक्षा और संघर्षों के बाद यह सौभाग्यशाली घड़ी आई है, जय श्री राम!

इससे पहले होली की शुभकमनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा यह होली विशेष है, यह होली दिव्य है, यह होली भव्य है। प्रभु श्री रामलला के अपने भव्य मंदिर में पुनः विराजमान होने के उपरांत विश्व भर में सनातन धर्म के अनुयायी अपनी पहली होली मना रहे हैं। सभी को रंगोत्सव की ढेरों शुभकामनाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि होली ऐसा पर्व है जब देश और दुनिया के अंदर जहां भी सनातन धर्मावलंबी हैं, उनका उत्साह और भी नई ऊंचाइयों को छूता नजर आ रहा है। अयोध्या में 495 वर्षों के बाद राम लला ने भी होली के उत्सव में शामिल होकर अपनी कृपा हमपर बरसाई है। उत्साह और उमंग के साथ हम लोग अपनी खुशियों को उन लोगों को पहुंचाने का काम करेंगे।
होली सत्य और न्याय के मार्ग पर चलने का, समता मूलक समाज की स्थापना का संदेश देता है। जहां विभाजन होगा, आपस में समाज बंटा होगा, वो समाज शक्तिशाली नहीं हो सकता। जो समाज शक्तिशाली नहीं होगा, वह उत्साह और उमंग के साथ शामिल नहीं हो सकता। हमें याद रखना होगा कि हमें एकजुट होकर समता मूलक समाज की स्थापना करके, कहीं कोई खामी है छूआछूत और विभाजन की तो उसे दूर करके हम आगे बढ़ते हैं तो इस उत्सव और उमंग को लंबे कालखंड के साथ मनाने का अवसर प्राप्त होगा।












Click it and Unblock the Notifications