सीएम योगी बोले मैं बचपन से इस भजन को सुनता आ रहा हूं, लेकिन आज चरितार्थ हुआ
मथुरा में आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विरासत भी और विकास भी, इन दोनों को लेकर आज देश के अंदर जो एक नया प्रवाह पैदा हुआ, वो हम सबको देखने को मिल रहा है।
मैं पिछले 15 साल से एक गाना सुन रहा हूं, बचपन से ही जब मैं होली के गानों को सुनता था तो याद आता था, हमने होली खेले रघुबीरा भजन खूब सुना है। लेकिन पहली बार 500 वर्षों में मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम ने होली खेली है और हम सबको अपने दर्शन दिए हैं।

मथुरा-वृंदावन की कुंज गलियां भी तो इंतजार कर ही रही होगी। जब भी मुझे यहां आने का अवसर प्राप्त होता है तो अद्भुत अनुभूति होती है। यहां पर खेली गई होली की चर्चा पूरी दुनिया में है। अब तो श्रद्धालुओं की भीड़ देखते बनती है। हम लोगों को लगता है कि जो भी कर पा रहे हैं वो कम है, हम बेहद वृहद योजनाओं को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब 2021 में वैष्णव महाकुंभ का यहां आयोजन हुआ था, जबतक महाकुंभ का यहां आयोजन हुआ था, तबतक कोरोना का यहां दूर-दूर तक कोई पता नहीं था। जैसे ही कुंभ विसर्जित हुआ कोरोना जैसी महामारी किस रूप में फैली उसे पूरी दुनिया ने देखा। लेकिन इसके बावजूद जो जज्बा यहां का था वो देखने लायक था। वो अभिभूत करने वाला था, नई ताकत और नई ऊर्जा प्रदान करने वाला था। उस ताकत की वजह से ही उत्तर प्रदेश जैसे बड़ी आबादी वाले राज्य ने कोरोना जैसी महामारी से बचाव करने में सफलता प्राप्त की।












Click it and Unblock the Notifications