योगी आदित्यनाथ ने बाराबंकी हादसे पर जाहिर किया दुख
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में हुए सड़क हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जाहिर किया है। मुख्यमंत्री ने हादसे पर दुख जाहिर करते हुए कहा जनपद बाराबंकी में हुई सड़क दुर्घटना में बच्चों का निधन अत्यंत दुःखद है।
मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। संबंधित अधिकारियों को घायल बच्चों के समुचित उपचार हेतु निर्देश दिए गए हैं। प्रभु श्री राम दिवंगत आत्माओं को शांति तथा घायल बच्चों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।

बता दें कि बाराबंकी में आज शाम को बड़ा हादसा सामने आया, यहां लखनऊ से पिकनिक मनाकर लौट रहे स्कूली बच्चों की बस हादसे का शिकार हो गई। हादसे में चार बच्चों की मौत हो गई। जबकि 15 से अधिक बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
यह हादसा देवा थाना क्षेत्र के सलारपुर के पास हुआ है। बच्चे सूरतगंज कंपोजिट स्कूल से लखनऊ के चिड़ियाघर आए थे। लखनऊ से वापस जाते वक्त यह हादसा हुआ है। जानकारी के अनुसार बाइक बचाने के चक्कर में बस पलट गई। हादसे में बाइक सवार की भी मौत हो गई है। घटना के बाद आला पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे के बाद मौके पर जेसीबी के जरिए बस को सीधा कराया गया और इसके बाद बच्चों को बस से बाहर निकाला गया। घायल 15 बच्चों को सीएचसी देवा से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मौके पर बेसिक शिक्षा अधिकारी और प्रशासन के अधिकारी भी पहुंचे।












Click it and Unblock the Notifications