काशी दौरे पर सीएम की घोषणा, धार्मिक नगरी में बनेगा 'पावन पथ'
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि काशी प्रधानमंत्री का संसदीय क्षेत्र होने के अलावा सनातन हिन्दू धर्म के आस्था का केन्द्र भी है।
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि काशी प्रधानमंत्री का संसदीय क्षेत्र होने के अलावा सनातन हिन्दू धर्म के आस्था का केन्द्र भी है। काशी को उसका विश्व स्तरीय स्वरूप फिर से वापस दिलाने के लिए उन्होने श्री काशी विश्वनाथ को केन्द्र मानते हुए महामृत्युंजय महादेव, कालभैरव सहित नौ दुर्गा एवं नौ गौरी के मंदिरों का सर्किट के रूप में 'पावन पथ' बनाये जाने का निर्देश दिया। उन्होंने पावन पथ के मार्गों को अतिक्रमणमुक्त कराकर मार्गों का सुन्दरीकरण, प्रकाश व्यवस्था सहित सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराये जाने पर जोर देते हुए काशी को अतिक्रमणमुक्त किये जाने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि देश, विदेश के लोगों की निगाह इस धर्मनगरी काशी पर लगी रहती है। किन्तु यहां के जाम के कारण लोग यहां आने से कतराते हैं लेकिन पावन पथ के रूप में इन प्रमुख मन्दिरों का सर्किट तैयार कर पूरी तरह विकसित कर दिये जाने से श्रद्धालुओं को सुविधायें मिलेगी। काशी में यातायात की प्रमुख समस्या बताते हुए कहा कि शासन ने फेरी नीति बना ली है। उन्होंने शहर को अतिक्रमणमुक्त करने के लिए पटरी व्यवसायियों को स्थान चिन्हित कर पुर्नस्थापित किये जाने का निर्देश दिया।

पीएम के ह्रदय योजना पर उठे सवाल पर अफसरों को फटकार
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ शनिवार को अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के पहले दिन मण्डलीय अनुश्रवण कक्ष में विकास कार्यों सहित कानून व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। विकास कार्यो की समीक्षा के दौरान उन्होंने हदय योजना के अंतर्गत कराये जा रहे कार्यों की मिल रही शिकायत को संज्ञान लेते हुए नगर आयुक्त सहित अन्य संबंधिंत विभागीय अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि युद्ध स्तर पर अभियान चलाकर सड़कों के निर्माण कार्य सहित भूमिगत वायरिंग एवं हेरिटेज पोल लगाये जाने के कार्य को निर्धारित अवधि में गुणवत्ता के साथ पूरा कराये। उन्होंने प्रधानमंत्री के आगामी दौरे से पूर्व 30 हजार स्ट्रीट एलईडी लाइटों को शत-प्रतिशत लगाये जाने का निर्देश दिया। हदय योजनान्तर्गत तालाबों एवं कुण्डों के कराये जा रहे कार्यों को भी समय से पूरा कराये जाने पर जोर दिया। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि हृदय योजना के पैसों में भ्रष्टाचार की शिकायतें मिल रही है। उन्होंने काशी धर्मनगरी में आने के बाद भी भ्रष्ट अधिकारियों को अपनी आदतों में सुधार न लाये जाने पर अफसोस जाहिर करते हुए, ऐसे भ्रष्ट अधिकारियों को चिन्हित किये जाने का निर्देश दिया। ताकि ऐसे अधिकारियों की नकेल कसी जा सके। दरसअल इन दिनों प्रख्यात बनारसी घराने के विश्व प्रसिद्ध गायक पंडित राजन साजन मिश्रा ने पीएम के ह्रदय योजना पर अधिकारियों के कार्य प्रणाली पर सवाल खड़ा किया था।

कूड़े के निस्तारण, सीवेज सिस्टम को लेकर कड़े निर्देश
करसड़ा स्थित कूड़ा निस्तारण प्लान्ट को नवम्बर तक एनटीपीसी एवं नवम्बर के बाद नगर निगम द्वारा संचालित किये जाने की जानकारी पर उन्होंने करसड़ा प्लांट के आसपास के गांवों में रहने वालों को कूड़े से आने वाले बदबू से दो माह के अन्दर व्यवस्था कराकर निजात दिलाये जाने का निर्देश दिया। पेय जलापूर्ति की समीक्षा के दौरान जलनिगम के अभियंताओं को कड़ी फटकार लगाते हुए मुख्यमंत्री ने गहरी नाराजगी जतायी। उन्होने पेय जलापूर्ति में सुधार न होने पर अब जिम्मेदारी निर्धारित कर संबंधित जलनिगम के अभियंताओं के खिलाफ कार्रवाई किये जाने की भी हिदायत दी। नगर आयुक्त ने बताया कि पेयजल लाइनों के लीकेंज के कारण लगभग 45 फीसदी बर्बाद होने वाले पेयजल को बचाने के लिये इजराइल के तकनीक का इस्तेमाल किया जायेगा। उन्होंने बताया कि भारत एवं जापान के प्रधानमंत्री द्वारा किये गये समझौते के क्रम में वाराणसी कन्वेंशन सेन्टर के निर्माण हेतु नगर निगम का प्रेक्षागृह खाली कराया जा रहा है। अगले साल जून से निर्माण कार्य शुरू करा दिया जायेगा। डिजिटल म्यूजियम बनाये जाने हेतु अस्सी घाट पर स्थान चिन्हित किया गया।

'भू-माफियाओ पर कसे नकेल ,गरीबों का ना करें बेवजह परेशान'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वच्छता कार्यक्रम पर विशेष जोर देते हुए कहा कि स्वच्छता सूची में काशी 32 वें स्थान पर है, जिसे एक नंबर पर होना चाहिये। उन्होंने ट्रांस एवं सीस वरूणा पेयजल परियोजनाओं के प्रगति की समीक्षा के दौरान ट्रांस वरूणा के तहत 23 में 7 एवं सीस वरूणा में 25 में 17 ओवरहेड टंकियों से पेंय जलापूर्ति होने की जानकारी पर नाराजगी जताते हुए 24 ओवरहेड टंकियों से भी पेयजलापूर्ति सुनिश्चित कराये जाने के लिए युद्ध स्तर पर अभियान चलाकर लाइनों को दुरुस्त कराये जाने का निर्देश दिया। उन्होंने भू-माफियाओं पर किये जा रहे कार्रवाई की समीक्षा के दौरान अब तक के प्रगति को नाकाफी बताया तथा सार्वजनिक, सरकारी एवं गरीबों के जमीनों पर अपने राजनीतिक अथवा बाहुबल के रसूख के बल पर अवैध कब्जा करने वाले भू-माफियाओं के विरुद्ध अभियान चलाकर कार्रवाई करने के साथ ही उनके कब्जे से जमीनों को खाली कराये जाने का निर्देश दिया। अभियान के दौरान गरीब एवं दलितों का कतई उत्पीड़न न होने देने पर विशेष जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब एवं दलित व्यक्ति द्वारा यदि सार्वजनिक भूखण्ड पर झोपड़ी लगाकर निवास किया जाता हो तो उसकी झोपड़ी उजाड़ने की बजाए उसके पात्रता के आधार पर उसे भूखण्ड आवंटित किया जाय।

नव निर्मित दोनों पुलों को पीएम करेंगे जनता को समर्पित
उन्होंने सड़कों के निर्माण कार्य के प्रगति की समीक्षा के दौरान सड़कों को शत-प्रतिशत गड्ढामुक्त किये जाने पर जोर दिया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अभियंता को निर्देशित किया कि सड़कों के सुधार हेतु 20 हजार करोड़ की राशि लोक निर्माण विभाग को दिया गया है। अब कोई बहानेबाजी नहीं चलेगी। उन्होंने सड़को के निर्माण कार्य में गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि बनायी गयी सड़कों को लोनिवि द्वारा ही आगामी 5 वर्षो तक रखरखाव करना होगा। सामनेघाट एवं बलुवाघाट सेतु के शेष कार्य को शीघ्र पूरा कराये जाने का निर्देश देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री अपने आगामी महीने में वाराणसी दौरे के दौरान इन दोनों सेतुओं को जनता को समर्पित किये जाने हेतु लोकार्पित करेगें।

काशी में पर्यटन विकास के लिए भेजे गए 480 करोड़ के प्रस्ताव
सीएम ने बैठक में प्रमुख सचिव सूचना एवं पर्यटन अवनीश कुमार अवस्थी ने मुख्यमंत्री को बताया कि कार्य में पर्यटन विकास हेतु 480 करोड़ का प्रस्ताव भेजा गया है जिसमें पंचकोसी मार्ग की मरम्मत, पांचों पड़ावों के धर्मशालाओं के अपग्रेडेशन किये जाने एवं नये धर्मशालाओं को बनाये जाने हेतु 85 करोड़, दशाश्वमेघ-गोदौलिया मार्ग हेतु 52 करोड़ के अलावा गंगा घाटों का उच्चीकरण, कबीर प्रकाट्य स्थल के विकास सहित काशी कला धाम बनाये जाने की योजना शामिल है। उन्होंने बताया कि काशी कला धाम शिक्षा विभाग के जमीन पर बनाया जाना प्रस्तावित है। इसके लिये शिक्षा विभाग से एनओसी की जरूरत है। उन्होंने यह भी बताया कि वाराणसी में पर्यटन विभाग की 6 में से 5 परियोजनायें पूर्ण कर ली गयी है, शेष सारनाथ में लाइट एण्ड साउण्ड कार्य को भी एक माह में पूरा करा लिया जायेगा। इसके बाद उन्होंने होटल रमादा में 136 प्रधानाचार्यों के साथ वार्ता कर शिक्षा में गुणात्मक सहयोग की अपील की।












Click it and Unblock the Notifications