उत्तर प्रदेश में समय पर होंगे चुनाव, CEC ने कहा- राजनीतिक दल चुनाव टालने के पक्ष में नहीं
लखनऊ, 30 दिसंबर: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए चुनाव आयोग की एक टीम लखनऊ में हैं। यहां सभी दलों के प्रतिनिधियों और अफसरों से टीम ने मुलाकात की है। जिसके बाद चुनाव आयोग ने कहा है कि सभी दल राज्य में चुनाव चाहते हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा ने गुरुवार को अपनी प्रेस वार्ता में कहा, उत्तर प्रदेश के सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने हमसे मुलाकात की। सभी दल कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करते हुए समय पर चुनाव कराए जाने के पक्ष में हैं। किसी भी दल ने चुनाव टालने की मांग नहीं की है।

अंतिम मतदाता सूची 5 जनवरी को होगी जारी
Recommended Video
लखनऊ में मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा ने कहा, राज्य में अब तक मतदाताओं की कुल संख्या 15 करोड़ से ज्यादा है। आखिरी प्रकाशन के बाद मतदाता के सही आंकड़े आएंगे। इसमें भी अगर किसी का नाम ना आए तो वो अपना नाम जुड़वाने के लिए क्लेम कर सकते हैं। अंतिम मतदाता सूची 5 जनवरी 2022 को जारी की जाएगी। उन्होंने कहाकि एसएसआर 2022 के अनुसार अब तक 52.8 लाख नए मतदाताओं को शामिल किया गया है। इसमें 23.92 लाख पुरूष और 28.86 लाख महिला मतदाता हैं। 18-19 आयु वर्ग के 19.89 लाख मतदाता हैं।
बीमार, बुजुर्ग घर से ही दे सकेंगे वोट
मुख्य चुनाव आयुक्त ने जानकारी दी है कि 80 वर्ष से अधिक आयु के लोग, विकलांग व्यक्ति और कोरोना संक्रमित लोग, जो मतदान केंद्र पर नहीं आ सकते हैं, उनका वोट लेने के लिए चुनाव आयोग उनके दरवाजे तक पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर वीवीपैट लगाए जाएंगे। चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए लगभग 1 लाख मतदान केंद्रों पर लाइव वेबकास्टिंग की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
कर्मचारियों का होगा पूर्ण टीकाकरण
सुशील चंद्रा ने बताया है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मतदान सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। राज्य में मतदान केंद्रों पर जिन कर्मचारियों की ड्यूटी होगी, उन सभी का पूर्ण टीकाकरण होगा।
बीते चुनाव में 61 फीसदी मतदान
मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि 2017 के यूपी विधानसभा चुनाव में 61 फीसदी मतदान हुआ था। वहीं 2019 के लोकसभा चुनाव में यूपी में 59 फीसदी मतदान हुआ था। यह चिंता का विषय है कि जिस राज्य में लोगों में राजनीतिक जागरूकता अधिक है, वहां मतदान प्रतिशत कम क्यों है।
मंगलवार को लखनऊ आई थी चुनाव आयोग की टीम
उत्तर प्रदेश में अगले साल फरवरी मार्च में विधानसभा के चुनाव होने हैं। हाल ही में कोरोना वायरस के मामले देश में तेजी से बढ़े हैं। ऐसे में चुनाव टालने की बातें भी कुछ लोगों की ओर से कही जा रही थी। इस सबको लेकर मंगलवार को चुनाव आयोग की टीम तीन दिन के दौरे पर लखनऊ आई थी। मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा के साथ चुनाव आयुक्त राजीव कुमार समेत आयोग के 13 सदस्यों ने लखनऊ में राजनीतिक दलों, सुरक्षा एजेंसियों और स्वास्थ्य विभाग के लोगों के साथ बैठके कीं। जिसके बाद आयोग की ओर से बताया गया कि सभी दल चुनाव कराने के पक्ष में हैं।












Click it and Unblock the Notifications