सतीश मिश्रा बोले- कमजोर दल करते हैं गठबंधन, बसपा मजबूत अकेले बनाएगी बहुमत से सरकार
लखनऊ, 13 जनवरी: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने उत्तर प्रदेश में किसी के साथ गठबंधन ना करते हुए अकेले ही चुनाव लड़ेगी। बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा ने यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर कहा कि हमारी पार्टी अकेले ही पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है। हमें किसी से गठबंधन की जरूरत नहीं है। उन्होंने राज्य के दलित और ब्राह्राण मतदाताओं के पूरी तरह से बसपा के साथ होने की बात कही है।

हमें गठबंधन की जरूरत नहीं
बसपा मुखिया मायावती के बाद पार्टी के सबसे कद्दावर नेता माने जाने वाले सतीश मिश्रा ने इंडियन एक्सप्रेस से उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर बात की है। उन्होंने कहा है कि इस चुनाव में राज्य की जनता भाजपा को सत्ता से बाहर कर देगी और बसपा सरकार बनाएगी। मिश्रा ने कहा, हम अकेले लड़ रहे हैं क्योंकि हम मजबूत हैं। हमने बहुत पहले घोषणा कर दी थी कि हम इस बार कोई गठबंधन नहीं बनाएंगे। जो कमजोर है, उसको गठबंधन की जरूरत है।

ब्राह्मण इस सरकार में परेशान
मिश्रा ने आगे कहा, ब्राह्मण समाज की समस्या पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। पिछले पांच सालों में उन्हें निशाना बनाने और एनकाउंटर में मारे जाने के अलावा और क्या मिला है? 500 से अधिक ब्राह्मण मारे गए हैं, 100 अन्य मुठभेड़ों में मारे गए हैं। ऐसे में ब्राह्राण बसपा के पास लौट आया है।
मिश्रा ने कहा कि 23 फीसदी दलित और ब्राह्मण हमारे साथ हैं और हमें सरकार बनाने का भरोसा है। 2007 में जब हमने सरकार बनाई थी तो हमें 30 फीसदी वोट मिले थे। 2012 में हमारा वोट शेयर 29 फीसदी था। 14-16 फीसदी ब्राह्मण हमारे पास वापस आने का फैसला कर लें तो चीजें पूरी तरह से बदल जाएंगी। उन्होंने कहा कि मुसलमान हमेशा से बसपा के साथ रहे हैं। समाजवादी पार्टी की सरकार में यूपी में 134 दंगे हुए, जिससे मुसलमान प्रभावित हुए। बसपा सरकार में एक भी ऐसा झगड़ा नहीं हुआ था और सभी सुरक्षित थे।
Recommended Video

बसपा ने यूपी में सबसे ज्यादा विकास किया
सतीश मिश्रा ने कहा कि 2007 से 2012 के बीच सत्ता में रहते हुए बसपा ने एक्सप्रेसवे बनाए, लखनऊ मेट्रो की शुरुआत की। हमने नोएडा और लखनऊ का चेहरा बदल दिया। हमने आधा दर्जन से अधिक मेडिकल कॉलेज बनाए, लेकिन मौजूदा सरकार केवल सरकारी अस्पतालों को मेडिकल कॉलेजों में बदलती रही और दावा करती रही कि उसने इतने सारे मेडिकल कॉलेज बनाए हैं।
डिजिटल प्रचार पर मिश्रा ने कहा कि, हमारी पार्टी भी कुछ समय से डिजिटल स्पेस में सक्रिय हैं। मैंने पिछले साल राज्य भर में 96 रैलियां कीं और हमारी सभी रैलियों का फेसबुक और अन्य माध्यमों पर सीधा प्रसारण किया गया। पार्टी मुखिया मायावती के कार्यक्रम भी यूट्यूब, फेसबुक पर शेयर किए जाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications