दोस्तों के बुलावे पर मम्मी को कहकर गया कि कुछ देर में आता हूं, सुबह मिली सिर कटी लाश
इलाहाबाद। इलाहाबाद में हत्याओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है और उसी कड़ी में एक और वारदात ने शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा दिया है। दोस्तों के बुलाने पर घर से निकले युवक की सुबह ग्रामीण इलाके में सिर कटी लाश मिली है। घटना के बाद मृतक के चचेरे भाई ने युवक की शिनाख्त की और घटना के बाद जब लोगों ने सड़क पर हंगामा शुरू किया तो बड़ी मुश्किल से पुलिस ने माहौल संभालते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।

फिर दोस्तों पर आरोप
सबसे आश्चर्यजनक बात यह है कि इलाहाबाद में हो रही अधिकांश घटनाक्रम में मृतकों के दोस्त ही हत्या की कड़ियों में जुड़े हुये हैं और इस बार भी युवक की हत्या में उसके ही दोस्तों का नाम सामने आया है। फिलहाल अभी पूछताछ में परिजनों ने यह बताया है कि युवक को उसके दोस्तों ने फोन किया था और वह अम्मी से कुछ देर में लौट आने की बात कहकर गया था। लेकिन, वह फिर लौट कर नहीं आया। सुबह शहर से लगभग 20 किलोमीटर दूर ग्रामीण इलाके में हाईवे की सर्विस रोड के किनारे उसकी सिर कटी लाश मिली है।

रात में गया पर लौटा नहीं
इलाहाबाद के मेंहदौरी तेलियरगंज थाना-शिवकुटी तेलियरगंज का रहने वाला वसीम गुरूवार की रात लगभग 9 बजे कुछ दोस्तों के बुलाने पर घर से निकला । जाते समय वसीम अम्मी से कुछ देर में लौटकर आने की बात कहते हुये मोबाइल कान में लगाकर घर से बाहर चला गया। लेकिन, इसके बाद वसीम का कुछ पता नहीं चला और जब पता चला तो परिजनों में मातम शुरू हो गया। नवाब के लालूडीह गांव के सामने हाईवे की सर्विस रोड के बगल वसीम की सिर कटी लाश फेंकी गई थी।

सड़क पर हंगामा
लाश मिलने की सूचना पर आसपास के लोग मौके पर जुटे तो शिनाख्त की कोशिश शुरू हुई। इसी दौरान घटनास्थल पर पहुंचे परवेज अशरफ ने शव की शिनाख्त अपने चचेरे भाई वसीम के तौर पर की और देखते ही देखते कोहराम मच गया। सूचना पर शहर में रह रहे परिजन व परवेज के गांव से लोगों की भीड़ सड़क पर जुटी तो हंगामा शुरू हो गया। हलांकि नवाबगंज पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुये शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया जिसके बाद सड़क पर जुटी भीड़ मौके से हटी। वारदात को किसने और क्यों अंजाम दिया, यह अभी रहस्य बना हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications