उत्तर प्रदेश: मेरठ में भाजपा नेता बबीता फोगाट पर हमला, आरएलडी कार्यकर्ताओं पर आरोप
उत्तर प्रदेश: मेरठ में अब भाजपा नेता बबीता फोगाट पर हमला, कार पर लाठियां बरसाने का आरोप
लखनऊ, 5 फरवरी: उत्तर प्रदेश के मेरठ में भारतीय जनात पार्टी की नेता और पहलवान बबीता फोगट पर कथित तौर पर हमला किया गया है। फोगाट का आरोप है कि जब वो भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार कर रही थीं तो उनकी कार पर सपा-रालोद के लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बता दें कि दो दिन पहले एआईएमआईएम अध्यक्ष और हैदराबाद सांसद असदुद्दीन ओवैसी की कार पर भी मेरठ में गोलियां चलाई गई थीं।

जयंत भूल गए पिता के संस्कार: फोगाट
मेरी गाड़ी की लाइट तोड़ी गई। काफिले की अन्य गाड़ियां को भी तोड़ा गया। मामले में हमने एफआईआर दर्ज कराई है। सपा और रालोद ने आज साबित कर दिया है कि ये लोग गुंडागर्दी फैलाते हैं। जयंत चौधरी भी अपने मां-बाप के संस्कार भूल गए हैं। बुरी संगत का असर दिखाने लग गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार को हरियाणा से आने वाली बीजेपी नेता बबीता फोगाट मेरठ की सिवालखास विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी मनिंदर पाल का प्रचार करने पहुंची थीं। वो जब क्षेत्र के गांव दबथुवा में प्रचार के लिए पहुंची तो यहां लोगों ने उनका विरोध किया। पहले बीजेपी के खिलाफ नारेबाजी हुई और बाद में बात मारपीट तक आ गई। जिसमें कथित तौर पर बबीता फोगाट की कार पर भी लाठियां मारी गई हैं।
Recommended Video
भाजपा नेताओं ने बबीता फोगाट के विरोध और हिंसा का आरोप राष्ट्रीय लोकदल के समर्थकों पर लगाया है। घटना में दोनों पक्षों के कुछ लोगों को चोट लगने की बात कही गई है। घायलों को सरधना सीएचसी में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद दबथुआ गांव में तनाव का माहौल है। भारी संख्या में मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है। बता दें कि सिवाल खास से भाजपा प्रत्याशी मनिंदर पाल का क्षेत्र में लगातार विरोध हो रहा है।
मेरठ में पहले चरण में होना है मतदान
उत्तर प्रदेश में इस समय 18वीं विधानसभा के लिए चुनाव हो रहे हैं। राज्य में सात चरणों में 10 फरवरी से 7 मार्च को वोटिंग होनी है। जिसके बाद 10 मार्च को वोटों की गिनती होगी और नतीजों का ऐलान किया जाएगा। पहले चरण में पश्चिम यूपी के 11 जिलों की 58 सीटों पर मतदान होगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिन जिलों में पहले फेज में वोट पड़ने हैं, उनमें मेरठ भी शामिल है। पहले चरण में राष्ट्रीय लोकदल-समाजवादी पार्टी गठबंधन, भारतीय जनता पार्टी, बहुजन समाजवादी पार्टी और कांग्रेस में मुख्य मुकाबला है।












Click it and Unblock the Notifications