सहारनपुर: भीम आर्मी नेता के भाई की हत्या के बाद अंतिम संस्कार में उमड़े दलित, तनाव
सहारनपुर। भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष कमल वालिया के भाई सचिन की मौत के बाद जिले में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। वारदात के बाद इलाके में बड़ी तादाद में लोग सड़कों पर हैं। कड़ी सुरक्षा के बीच देर रात तीन बजे पोस्टमॉर्टम के बाद शव का गुरुवार की सुबह अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौरान शव के लिए अर्थी भी नीले रंग की बनाई गई। उसके शव पर चादर भी नीले रंग की ही डाली गई।

इलाके में तनाव व्याप्त
बुधवार को भीम आर्मी जिलाध्यक्ष कमल वालिया के छोटे भाई सचिन वालिया गोली लगने से मौत हो गई थी। सचिन की मौत के बाद इलाके में तनाव व्याप्त हो गया। गुरुवार को रामनगर और आसपास के स्कूल और बैंक बंद कर दिए गए। अंतिम संस्कार में लगातार भीड़ बढ़ने के कारण पुलिस-प्रशासन के हाथ पांव-फूल गए। बता दें कि कई जिलों की पुलिस के साथ आरआरएफ, आरएएफ और पीएसी तैनात कर दी गई।

गुरुवार को हुआ अंतिम संस्कार
गुरुवार की सुबह 11 बजे सचिन का शव गांव पहुंचा। गांव में शव पहुंचते ही भीड़ को संभालने के लिए पुलिस को ऐड़ी-चोटी का जोर लगाना पड़ रहा है। इस दौरान भीड़ भीम आर्मी के नारे लगा रही थी। सचिव के शव के लिए अर्थी भी नीले रंग की बनाई गई। उसके शव पर चादर भी नीले रंग की ही डाली गई। हाल यह थे कि सचिन वालिया के अंतिम दर्शन के लिए न केवल आसपास बल्कि, दिल्ली, उत्तराखंड और हरियाणा से भी लोग आए थे। पूरे गांव में केवल लोगों की भीड़ दिखाई दे रही थी, वह भी सचिन वालिया के अंतिम दर्शन करने के लिए।

परिजनों ने चार लोगों को किया नामजद
भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष कमल वालिया के भाई सचिन की संदिग्ध हालत में हुई मौत मामले में परिजनों ने चार लोगों को नामदज करते हुए केस दर्ज कराया है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ हत्या और साजिश रचने का केस दर्ज किया है। परिजनों ने शेर सिंह राणा, नगेन्द्र राणा, कान्हा राणा और उपदेश राणा के खिलाफ कोतवाली देहात में नामजद शिकायत दर्ज कराई है।












Click it and Unblock the Notifications