यूपी में 13 मुस्लिमों के हिन्दू धर्म अपनाने के बाद अब 110 दलितों ने दी धर्म परिवर्तन की धमकी
बागपत। बुधवार को बागपत में जहां एक ओर लगातार उत्पीड़न का शिकार होने व पुलिस की मदद ना मिलने से परेशान होकर 13 मुस्लिमों ने हिन्दू धर्म अपना लिया वहीं बागपत में ही ग्राम प्रधान की दबंगई से परेशान होकर गुरुवार को 110 अनुसूचित जाति व जनजाति के लोगों ने धर्म परिवर्तन की धमकी दे दी है। एकसाथ एक समाज के 110 लोगों की धर्म परिवर्तन की धमकी से जिला प्रशासन और हिन्दू धर्म के संगठनों में हड़कम्प मच गया है।

क्या है शिकायत
मामला बागपत के थाना दोघट क्षेत्र के भड़ल गांव का है। इन लोगों का कहना है कि वह बागपत के गांव में रह कर कई सालों से चर्म शोधन का कार्य कर रहे हैं लेकिन अब गांव के प्रधान ने उन्हें ये काम करने के लिए मना कर दिया है। उनके कारोबार बंद करा दिए हैं। ग्राम प्रधान और उनके साथ गांव के दबंगों ने उन्हें ये काम करने से मना किया है और गांव से बाहर जाने का भी आदेश दे दिया है। उनका कहना है कि वे लोग यह कारोबार को बहुत सालों से कर रहे हैं और इसी पर निर्भर हैं। ये काम बंद हो जाने पर उनके खाने-पीने के लाले पड़ जाएंगे।

प्रशासन नहीं कर रहा कार्रवाई
एससी/एसटी समाज के लोगों का कहना है कि जब वे लोग ग्राम प्रधान और दबंगों का विरोध करते हैं तो उन्हें जातिसूचक शब्दों के साथ गालियां दी जाती हैं। दलितों को परेशान करने के लिए दबंगों ने उनके घर की नालियां तक बंद करा दी हैं। उन्होंने बताया कि इसे लेकर समाज के लोगों ने प्रशासन से शिकायत भी की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। जिससे परेशान होकर समाज के लोगों ने कलक्ट्रेट में धरना दिया और भूख हड़ताल की धमकी दी। इसके बाद भी समस्या का समाधान ना होने पर धर्म परिवर्तन कर मुस्लिम धर्म अपनाने की धमकी तक दे डाली है।

कल 13 मुस्लिमों ने कराया था धर्म परिवर्तन
इसी प्रकार बागपत में मंगलवार को 13 मुस्लिमों ने धर्म परिवर्तन करा लिया था। ये धर्म परिवर्तन बदरखा गांव के शिव मंदिर में हुआ। इन मुस्लिमों ने खुद के शोषण और अपने ऊपर हो रहे अत्याचार से तंग आकर ये फैसला किया। पहले इन्होंने धर्म परिवर्तन का कागजी कार्रवाई पूरी की उसके बाद मंदिर में भगवान की हवन, पूजा-अर्चना कर महादेव के नारे और वंदे मातरम की हुंकार के साथ पूर्व रूप से हिन्दू धर्म को आत्मसात किया। इस दौरान पंडित ने हवन पूजन से पहले वेदी बनाई, नवग्रह की पूजा अर्चना कराई और फिर तिलक कर हवन शुरू कराया और कुछ देर बाद धर्म परिवर्तन का कार्यक्रम सम्पन्न हो गया।
ये भी पढ़ें- जय श्री राम के नारों के बीच 13 मुस्लिमों ने कराया धर्म परिवर्तन, बताई इस्लाम छोड़ने की वजह












Click it and Unblock the Notifications