Ram Mandir: राम भक्तों के लिए तमिल-तेलुगू सहित कई भाषाओं में लगेंगे साइन बोर्ड, ट्रैफिक के लिए खास प्लान
Ayodhya Ram Mandir Pran Pratishtha: अयोध्या में 22 जनवरी को श्रीराम जन्म भूमि पर भव्य मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम होने जा रहा है। ऐसे में राम मंदिर उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर तैयारियों तेजी से चल रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 जनवरी को भव्य मंदिर में राम लला की मूर्ति की स्थापना में शामिल होने के लिए आने वाले हैं। इसी के साथ देशभर से 4 हजार के करीब साधु संत भी रामनगरी अयोध्या में एकत्र होंगे।

इसी के साथ भारी संख्या में रामभक्तों के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है, जिसके लिए प्रशासन की तरफ से सभी तरह की तैयारियों पर जोर दिया जा रहा है।
ट्रैफिक के लिए कसी कमर
इस बीच अयोध्या पुलिस ने यातायात प्रबंधन योजनाओं के साथ राम मंदिर की 'प्राण प्रतिष्ठा' के लिए कमर कस ली है। पुलिस विभाग के अधिकारी खास मौके पर यातायात के सुगम बनाने के लिए व्यवस्था कर रहे हैं।
पर्यटकों और श्रद्धालुओं को मंदिर तक मार्गदर्शन देने के लिए पुलिस विभाग के अधिकारी शहर की सड़कों पर साइनेज और डायरेक्शन बोर्ड लगाने की योजना बना रहे हैं। अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी) लखनऊ जोन पीयूष मोर्डिया ने बुधवार को कहा कि भक्तों को मंदिरों तक मार्गदर्शन करने के लिए अयोध्या में सड़कों पर दिशा सूचक चिन्ह (directional signs) लगाए जाएंगे।
तमिल-तेलुगू सहित कई भाषाओं में लगेंगे साइन बोर्ड
उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों से अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न भाषाओं में साइनबोर्ड लगाए जाएंगे, जिनमें दक्षिण में तमिल और तेलुगु जैसी बड़े पैमाने पर बोली जाने वाली भाषाएं भी शामिल हैं।
एडीजी मोर्डिया ने बताया कि मुख्य मंदिरों की ओर जाने वाले मार्गों को चिह्नित करने और आवश्यकतानुसार इन मार्गों पर श्रद्धालुओं के आवागमन की व्यवस्था बनाने की योजना बनाई गई है। जहां भी श्रद्धालु पैदल चलेंगे, वहां वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
ई-रिक्शा पर लग सकता है प्रतिबंध
एडीजी ने कहा कि यह भी निर्धारित किया जा रहा है कि वाहन की पहुंच कहां आवश्यक है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उनके आगमन से दूसरों की आवाजाही में बाधा न आए। इसके अलावा मार्गों की आवश्यकताओं के अनुसार योजनाएं तैयार की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि कुछ मार्गों पर ई-रिक्शा पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications