'मिट्टी में मिल गए', रातभर रोया अतीक अहमद, पत्नी से मिलने की लगा रहा गुहार, दादा के कब्र के पास दफन होगा असद
Atiq Ahmed News: बेटे असद अहमद की मौत के बाद अतीक अहमद टूट गया है। वह रातभर जेल में रोता रहा है और पत्नी से मिलने की गुहार लगा रहा है। बेटे के अंतिम संस्कार में जाने की अतीक को अनुमति नहीं मिली है।

Atiq Ahmed News: 'योगी जी से कहना चाहते हैं ''बिल्कुल मिट्टी में मिल गए हैं'' अब हमारे औरतों और बच्चों को परेशान ना करें, माफियागिरी खत्म हो गई है हमारी...', गैंगस्टर से नेता बने अतीक अहमद के बेटे असद अहमद के मुठभेड़ में मारे जाने के बाद ये वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें अतीक अहमद सीएम योगी आदित्यनाथ से गुजारिश करता दिख रहा है।
अतीक अहमद बेटे की मौत की खबर सुनने के बाद रातभर रोता रहा है और पत्नी शाइस्ता परवीन से मिलने की गुहार लगाता रहा। आज असद का अंतिम संस्कार किया जाएगा। असद के शव को पारिवारिक कब्रिस्तान में दफनाया जाएगा। सूत्रों ने बताया कि असद को दादा की क्रब के बगल में दफनाया जाएगा।
एनकाउंटर में मारा गया अतीक का बेटा
उत्तर प्रदेश पुलिस ने 13 अप्रैल को झांसी में एक मुठभेड़ में असद और अतीक के करीबी गुलाम को एनकाउंटर में मार गिराया है। दोनों उमेश पाल हत्याकांड में वाटेंड थे और फरार चल रहे थे।
उन दोनों पर 5 लाख रुपये का इनाम था। असद को आखिरी बार एक सीसीटीवी फुटेज में देखा गया था, जहां उसे उमेश पाल पर हमला करते हुए देखा गया था। तब से वह फरार चल रहा था। अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन पर भी 50 हजार की इनाम राशि है।
दादा के कब्र के पास दफनाया जाएगा असद का शव
पुलिस ने कहा कि असद का शुक्रवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा। हालांकि पुलिस शव को अतीक के परिवार को कहां सौंपेगी...इसको लेकर सस्पेंस बना हुआ है। अधिकारी सुबह से ही स्थान बदल रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक शव झांसी में सौंपा जाएगा। फिर उन्होंने कहा कि आखिरी वक्त में बदलाव है और पुलिस शव को प्रयागराज में रिश्तेदारों को सौंपेगी।

प्रयागराज पुलिस ने असद के परिजनों को झांसी से शव लेने के लिए फिर से सूचित किया है। असद की कब्र प्रयागराज के चकिया इलाके के कसारी मसारी गांव में उसी कब्रिस्तान में खोदी गई है, जहां उनके दादा को दफनाया गया था।
बेटे के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं होगा अतीक अहमद
सूत्रों ने कहा कि जेल में बंद अतीक को अपने बेटे के अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रयागराज की एक अदालत ने वकील उमेश पाल और उनके दो पुलिस गार्डों की हत्या के मामले में गुरुवार को अतीक और उसके भाई अशरफ दोनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
अतीक अहमद प्रयागराज की एक अदालत में अपने बेटे असद की मौत के बारे में जानने के बाद पूरी तरह टूट गया था। सूत्रों के मुताबिक अतीक अहमद और उनके भाई अशरफ से गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात को अलग-अलग पूछताछ की गई है। प्रयागराज के धूमनगंज थाने में रात करीब एक बजे पूछताछ शुरू हुई और सुबह सात बजे तक चली।

सूत्रों ने बताया कि अतीक अपने बेटे के लिए रातभर रोता रहा। रोते हुए अतीक कह रहा था कि,' 'मैं और मेरा परिवार बर्बाद हो गया है...। मुझे बेटे की अंतिम संस्कार में जाने दो...'
'सब मेरी गलती है...'
अतीक ने रोते हुए थाने में यह भी कहा कि, ''यह सब मेरी गलती है। असद का इससे कोई लेना-देना नहीं था। मेरे युवा बेटों और भाइयों की जिम्मेदारी कोई नहीं उठा सकता।' सूत्रों के मुताबिक अतीक ने यह भी कहा कि, 'दुनिया का सबसे बड़ा दुख तब होता है जब एक बुजुर्ग पिता को जवान बेटे की लाश को अपने कंधों पर उठाना पड़ता है।'

अतीक रोते हुए इस दौरान अधिकारियों से अपनी पत्नी से मिलने के लिए भी बार-बार गुजारिश कर रहा है। अतीक इस दुख घड़ी में अपनी पत्नी से मिलना चाहता है।












Click it and Unblock the Notifications