एंटी रोमियो दल के दारोगा ने पार्क में लड़की से पकड़वाए कान, लाइन हाजिर
पार्क में घूम रही लड़की को कान पकड़ने के लिए मजबूर करने और धमकाने के मामले में मैनपुरी के दारोगा राम नरेश यादव को लाईन-हाजिर कर दिया गया है।
मैनपुरी। लड़कियों की सुरक्षा के नाम पर बनाया उत्तर प्रदेश सरकार का एंटी रोमियो दल के पुलिसकर्मी ही लड़कियों को जलील करने से बाज नहीं आ रहे हैं। लखनऊ के लोहिया पार्क में घूम रही लड़की को कान पकड़ने के लिए मजबूर करने और धमकाने के मामले में मैनपुरी दारोगा राम नरेश यादव को लाईन-हाजिर कर दिया गया है।

एंटी रोमियो दल का हिस्सा राम नरेश यादव की लखनऊ की लखनऊ के लोहिया पार्क में ड्यूटी के दौरान एक लड़की के साथ बेहद खराब बर्ताव करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ये कार्रवाई की गई है। एडिशनल एसपी शीशपाल सिंह ने बताया कि राम नरेश यादव के मामले की जांच कराई जा रही है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो में राम नरेश यादव पार्क में घूम रही कुछ लड़कियों से बेहद सख्त लहजे में बात करते दिख रहे हैं। वो एक लड़की को पार्क में घूमने के लिए डांटते और फिर कान पकड़ कर माफी मांगने को कहते दिख रहे हैं।
वीडियो वायरल होने से आला अफसरों तक पहुंचा मामला
वीडियो में दिख रहा है कि दारोगा लड़कियों को धमका कर पार्क से भगा रहे हैं। जिससे कई लड़कियां बुरी तरह से डरकर रो रही हैं। ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिसकर्मी के लड़की के साथ इस तरह के बर्ताव को लेकर जबरदस्त आलोचना हुई। जिसके बाद मामला आला-अधिकारियों के संज्ञान में आया और रामनरेश यादव पर कार्रवाई हुई।
उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद एंटी रोमियो दल बनाकर पुलिसकर्मी मनचलों को पकड़ रहे हैं लेकिन इस तरह की शिकायतें लगातार आ रही हैं कि एंटी रोमियो दल के पुलिसकर्मी किसी शिकायत के बिना ही जवान लड़के-लड़कियों के पकड़ कर उन्हें डांटने लगते हैं। कई जगह साथ जा रहे भाई-बहनों और पति-पत्नी को भी परेशान किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications