बाप ने की दूसरी शादी, नाराज बेटे ने सौतेली मां को मारी गोली
बलरामपुर। उत्तर प्रदेश में भले ही पुलिस ताबड़तोड़ अपराधियों के एनकाउंटर कर रही हो लेकिन बलरामपुर में इसके उलट ही कुछ नजारा देखने को मिल रहा है। यहां घर के बाहर टहल रही (35) वर्षीय महिला को स्कूटी सवार दो बदमाशों ने गोली मार दी और मौके से असलहा लहराते हुए फरार हो गए। गोली महिला के चेहरे पर लगी है। आनन फानन में उसे जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया जहां नाजुक स्थिति देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बहराइच के लिए रेफर कर दिया। फिलहाल महिला की हालत नाजुक बनी हुई है।

मामला शनिवार रात का है जब मोहल्ला बलुहा की रहने वाली गोल्डी (35) पत्नी नफीस राइनी नहर बालागंज स्थित अपने घर के बाहर टहल रही थी। अचानक स्कूटी सवार दो बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी। फायरिंग के बाद बदमाश मौके से असलहा लहराते हुए फरार हो गए। गोली महिला के चेहरे पर नाक के बगल लगी है। महिला की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए और आनन फानन में उसे जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने उसके नाजुक हालत देखते हुए उसे जिला बहराइच के लिए रेफर कर दिया।
स्थानीय लोगों की मानें तो नफीस राइनी ने 2 शादियां की थी। इससे नाराज सौतेले बेटे ने ही सौतेली मां को गोली मारी है। एक स्थानीय शख्स ने स्कूटी पर असलहा लहराते हुए नफीस के बेटे का दावा भी किया है। फिलहाल मामले में अभी तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है और मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। पूरे मामले पर कोतवाली नगर प्रभारी गंगेश शुक्ला ने बताया कि घटना की जानकारी मिली थी जांच की गई घटना सत्य थी परंतु अभी तक पीड़ित पक्ष द्वारा कोई तहरीर नहीं दी गई है तहरीर मिलने पर दोषी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications