कोल्ड स्टोर में अमोनिया गैस रिसने से भगदड़, गांवों को खाली कराने के निर्देश
मैनपुरी। यूपी के मैनपुरी में बुधवार की रात उस समय अफरातफरी का माहौल बन गया जब एक कोल्ड स्टोर में पाइप फटने से अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया। गैस के रिसाव से वहां काम कर रहे मजदूरों में भगदड़ मच गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने एहतियातन आसपास के गांव को खाली करने के भी निर्देश दे दिये। काफी मशक्कत के बाद लीकेज को रोका जा सका। इस बीच कोल्ड स्टोर का मालिक वहां मौजूद नहीं रहा।

मैनपुरी के भोगांव रोड पर स्थित कुमार कोल्ड स्टोर में देर रात एक पाइप फटने से अमोनिया गैस का रिसाव तेजी से शुरू हो गया। यह देख वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। गैस हवा में घुलने से वहां सांस लेना और आंख खोलना मुश्किल हो रहा था। इसकी सूचना किसी ने फायर ब्रिगेड विभाग को दे दी।

सूचना पर पहुंची टीम ने सीओ मनु शर्मा के निर्देशन में कार्य करते हुए देर रात तक लीकेज को कंट्रोल कर लिया। इससे पहले टीम ने आसपास के गांव को भी खाली करने के निर्देश दिए। इस पूरे मामले पर फायर ब्रिगेड अधिकारी ने बताया कि गैस का पाइप पंचर होने से लीक होने की घटना हुई। पाइप का मेन वॉल्व बन्द कर दिया गया है । कोशिश है कि जल्द रिसाव बन्द हो जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि स्टोरेज मालिकों को पहले ही निर्देश दिए गए हैं कि ऐसी विपदाओं से निपटने के लिए उन्हें मास्क वगैरह रखने चाहिए जो यहां मौजूद नहीं थे। हम जांच करके उचित कार्रवाई करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications