फेसबुक फ्रेंड ने बुलाया दिल्ली, बोला हिरोइन बनवा दूंगा, भागकर स्टेशन पहुंची बच्चियां तो...
इलाहाबाद। इलाहाबाद में कक्षा आठवीं में पढ़ने वाली दो छात्राओं को फेसबुक के जरिए हीरोइन बनने का सपना दिखाया गया और अपने सपने सच करने के लिए दोनों ही किशोरियों ने अपना घर छोड़ दिया। हालांकि पुलिस ने उन्हें रेलवे स्टेशन से पकड़ लिया और पूछताछ के बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। जिससे बच्चियां किसी खतरनाक हाथ जाने से पहले बचा ली गई हैं। दोनों बच्चियों के पास से ₹30000 मिले हैं और वह फेसबुक पर हुई दोस्ती के बाद अपने दोस्त के कहने पर दिल्ली जा रही थीं। दोनों बच्चियों ने अपने घर पर खुद के अपहरण हो जाने की सूचना भी मोबाइल से भिजवा दी थी, जिसके बाद ही परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया और पुलिस की सक्रियता से दोनों को रेलवे स्टेशन से बरामद कर लिया।

स्कूल से चल पड़ी दिल्ली
इलाहाबाद के नवाब युसूफ रोड व धूमनगंज के आवास विकास कॉलोनी में रहने वाली दो छात्राएं चौफटका स्थित स्कूल में आठवीं की छात्रा है। शुक्रवार की सुबह दोनो दोनों सहेलियां स्कूल गई थी और करीब 2:30 बजे स्कूल में छुट्टी होने के बाद घर के लिए निकली। लेकिन, घर जाने की जगह वह दिल्ली जाने के लिए रेलवे स्टेशन की ओर बढ़ गई। इस दौरान उन्होंने एक दुकानदार से फोन लेकर अपने घर पर फोन किया और बताया कि उन दोनों का अपहरण कर लिया गया है। अपहरण की सूचना मिलते ही परिजनों ने धूमनगंज थाने को घटना की सूचना दी। पुलिस ने फोन नंबर को ट्रेस किया और कॉल किया तो पता चला कि मोबाइल नंबर स्कूल के पास थोड़ी दूर पर मोमोज बेचने वाले दुकानदार का है। पुलिस दुकानदार के पास पहुंच कर पूछताछ करने लगी तो छात्राओं के स्टेशन की ओर जाने की जानकारी मिली। पुलिस ने सिविल लाइंस, शाहगंज, खुल्दाबाद थाना समेत पूरे जिले मे सर्विलांस पर सूचना जारी की और रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के आसपास पुलिस को अलर्ट कर दिया गया।
फोन से मिली लोकेशन
परिजनों ने जब छात्राओं के पास मोबाइल फोन होने की जानकारी दी तो पुलिस ने उसे सर्विलांस पर लगा दिया। फोन की लोकेशन इलाहाबाद जंक्शन के पर मिली तो उस पर फोन किया जाने लगा। लेकिन, छात्राओं ने सिर्फ एक बार फोन रिसीव किया और फिर फोन को स्विच ऑफ कर दिया। हालांकि जब फोन को छात्राओं ने रिसीव किया तो ट्रेन अनाउंसमेंट की आवाज पुलिस को सुनाई पड़ गई थी। जिसके बाद रेलवे स्टेशन पर जीआरपी से मदद मांगी गई और रेलवे स्टेशन से दोनों छात्राओं को बरामद कर लिया गया।
बच्चियों को देख कर रोने लगे परिजन
पुलिस खोजबीन करती हुई इलाहाबाद जंक्शन पहुंची और हर प्लेटफार्म पर बच्चों की तलाश होने लगी। इसी दौरान दो बच्चियां स्कूल ड्रेस में रेलवे स्टेशन पर दिखाई पड़ी तो पुलिस ने उनसे पूछताछ की। शुरू में तो वह गोलमोल जवाब देती रही लेकिन, बच्चियों के पास भीड़ एकत्रित होने लगी तो पुलिस उन्हें अपने साथ लेकर स्टेशन से बाहर चली गई। सूचना पर परिजन पहुंचे तो बच्चियों को देखकर रोने लगे और उनके सकुशल मिल जाने पर पुलिस को बार-बार धन्यवाद करते रहे।
क्या मामला आया सामने
छात्राओं ने बताया कि कुछ दिन पहले उनकी दोस्ती फेसबुक पर एक युवक से हुई थी। वह फिल्मों में काम करता है, उसने उन दोनों को हीरोइन बनाने का वादा किया और कहा कि अगर वह दिल्ली चली आए तो उन्हें फिल्मों में काम दिला देगा। युवक के कहने पर ही दोनों ने अपने अपहरण की सूचना घर पर दी थी और रात 10:00 बजे ट्रेन से इलाहाबाद से दिल्ली जाने वाली थी। लेकिन, उससे पहले ही पुलिस ने दोनों को स्टेशन से पकड़ लिया। दोनों छात्राओं के पास से दिल्ली जाने के लिए दो टिकट ₹30000 भी मिले हैं।












Click it and Unblock the Notifications