जब पोती की उम्र की लड़की से पांचवा निकाह करने पहुंचा बूढ़ा दूल्हा, हुआ ये हाल
इलाहाबाद। यूपी के कौशांबी जिले में दिल फेंक बूढ़े की शादी करने का अजीब मामला सामने आया है। 54 साल के बूढे व्यक्ति ने पांचवी बार सेहरा पहना था और दुल्हन लाने लड़की के घर पहुंच गया, लेकिन ऐन मौके पर चाइल्ड वेलफेयर के लोग पहुंच गए और निकाह रोक दिया गया। दरअसल इस उम्र दराज व्यक्ति की शादी 15 साल की लड़की के साथ हो रही थी और इसकी शिकायत पर चाइल्ड वेलफेयर की टीम ने पुलिस के साथ छापेमारी की और शादी रोक दी गई । मामले मे चाइल्ड वेलफेयर की ओर से परिजनों को नोटिस जारी किया है और अब इनके विरूद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पैसा देकर तय किया निकाह
पुलिस के अनुसार कौशांबी के करारी इलाके में शबनम (15) का निकाह मोहम्मद शफीक (54) के साथ तय किया गया था। शफीक की अभी तक चार शादी हो चुकी थी और यह उसकी पांचवी शादी थी। पिछले महीने स्टांप पर बकायदा लिखा-पढ़ी हुई और शादी के एवज में शफीक ने मोटी रकम भी शबनम के परिजनों को दी। बेटी को बोझ समझने वाले परिजनों के लिये यह रिश्ता सही लगा और बेटी का निकाह तय कर दिया गया। 24 जनवरी को कागजी कार्रवाई के बाद अब निकाह पढा जाना था।
बारात पहुंची घर
इस शादी की भनक पड़ोस के रिजवी को हुई तो उन्होंने चाइल्ड वेलफेयर से इसकी शिकायत की। सूचना पर चाइल्ड वेलफेयर रोहित यादव ने चाइल्ड वेलफेयर की टीम व पुलिस के साथ शबनम के घर पर छापेमारी की। छापेमारी के समय दूल्हा मोहम्मद शफीक बारात लेकर शबनम के घर पहुंच गया और निकाह की रस्म अदा होने लगी। चाइल्ड वेलफेयर के सदस्यों ने शबनभ के परिजनों से शबनम के बालिग होने का प्रमाण पत्र मांगा तो हड़कंप मच गया। डांट फटकार व जेल जाने की नौबत आते ही सभी की सिट्टी पिट्टी गुम हो गई ।
अभिलेख में नाबालिग थी शबनम
जब परिजनों ने शबनम के शैक्षणिक अभिलेख दिखाए तो पता चला शबनम अभी 15 साल ही पूरे किए हैं। चाइल्ड वेलफेयर परिजनों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है और कानूनी कार्रवाई के लिये विधिक प्रक्रिया शुरू की गई है। परिजनों को चेतावनी दी गई है कि अगर उन्होंने नाबालिग बच्ची की शादी की तो सभी को कानूनी धाराओ में जेल भेजा जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications