इलाहाबाद: गंगा नदी में नाव पलटी, दो दर्जन लोग डूबे, रेस्क्यू जारी
इलाहाबाद। यूपी के इलाहाबाद जिले में शनिवार की रात बड़ा हादसा हुआ। मेजा इलाके में नाव से नदी पार कर रहे लगभग दो दर्जन लोग गंगा नदी में डूब गए। दुर्घटना में आधा दर्जन से ज्यादा लोग खुद नदी पार गए। जबकि इतने ही लोगों को बचाया जा सका है। एक व्यक्ति की लाश भी मिली है। नाव सवार कई लोग खबर लिखे जाने तक लापता थे पुलिस का गोताखोर और जल पुलिस के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। अंधेरे के चलते बचाव कार्य में बाधा आ रही है।

घटना उस समय हुई है जब टेला घाट से यात्रियों को प्रतिदिन की तरह नाविक मदरा (मुकुंदपुर) ले जा रहा था। घटना गंगा घाट से मात्र 30 मीटर पहले हुई है। यानी किनारे लगने के कुछ मिनट पहले नाव पलट गई। बताया यह भी जा रहा है कि नाव पर 6 मोटर साईकिल 5 साईकिल भी थी। जबकि दो दर्जन के लगभग लोग पहले से ही सवार थे। नाव ओवरलोड हो चुकी थी जिससे यह हादसा हुआ है।

देर रात तक तहसील व जिला प्रशासन की टीम मौके पर जुटी हुई थी। स्थानीय लोग लगातार लोगों की मदद में जुटे हुए हैं और लापता लोगों की तलाश जारी है। अभी तक बताया यही जा रहा है कि नाव के ओवरलोड होने के कारण ये हादसा हुआ है। नाव सवार एक व्यक्ति की लाश भी मिली है। लाश की शिनाख्त नही हो प़ाई है। मरने वालों की संख्या बढ़ भी सकती है।












Click it and Unblock the Notifications