फेसबुक पर 'एंटीनेशनल' पोस्ट लिखने पर उत्तर प्रदेश सरकार ने प्राइमरी टीचर को किया सस्पेंड
नई दिल्ली। पाकिस्तान की क्रिकेट टीम को जीत की बधाई देने, उत्तर प्रदेश और केंद्र की भाजपा सरकारों की फेसबुक पर आलोचना करने और कश्मीर में जीएसटी लागू ना किए जाने पर सवाल उठाते हुए पेसबुक पर लिखने वाले शिक्षक को उत्तर प्रदेश सरकार ने निलंबित कर दिया गया है। ये मामला उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ का है। उत्तर प्रदेश की राज्य शिक्षा विभाग ने अलीगढ़ जिले के अलीपुर इलाके में बिजौली ब्लॉक में तैनात प्राथमिक शिक्षक धर्मेंद्र कुमार की फेसबुक पोस्ट को एंटीनेशनल मानते हुए ये कार्रवाई की है।

धर्मेंद्र कुमार पर आरोप है कि उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट टीम को जीत पर बधाई दी। साथ ही उन्होंने जम्मू-कश्मीर में जीएसटी लागू ना किए जाने को लेकर सवाल उठाए। धर्मेंद्र कुमार के खिलाफ शिक्षा मंत्री से इस बाबत शिकायत की गई थी और शिकायती पत्र में उनके फेसबुक पोस्ट के 10 स्क्रीनशॉट भी सुबूत के तौर पर भेजे गए। धर्मेंद्र पर पीएम नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ की आलोचना करने और उनके खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट लिखने का भी आरोप है।
शिक्षक के खिलाफ ये कार्रवाई राज्य के प्राथमिक और उच्च शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के निर्देश के आधार पर की गई है। संदीप सिंह को एक दूसरे सरकारी स्कूल के शिक्षक ने ही इस बारे में शिकायत की थी। जिसके बाद ये कार्रवाई हुई। अलीगढ़ बेसिक शिक्षा अधिकारी आरोपी शिक्षक के खिलाफ जांच कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराया जा सकता है।
शिक्षक धर्मेंद्र कुमार का कहना है कि वो खुद भी क्रिकेट खेलते हैं और उन्हें पाकिस्तान को जीत की बधाई देने में कुछ गलत नहीं लगता है। उन्होंने कहा कि मैंने पाकिस्तान को चैंपियंस ट्रॉफी जीतने पर बधाई दी तो इसमें देश के खिलाफ क्या है। वहीं जम्मू-कश्मीर पर अपनी पोस्ट को लेकर उन्होंने कहा कि कश्मीर पर मैंने पोस्ट कर सवाल उठाया कि वहां के लोगों से जीएसटी क्यों नहीं वसूला जाता है। धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि वो दलित समुदाय से आते हैं और भाजपा की आलोचना करने की उन्हें सजा दी गई है।
पढ़ें- फेसबुक पर महिला को कहा 'धंधे वाली', 6 महीने बाद मिली सजा












Click it and Unblock the Notifications