आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड करने वालों को मुफ्त में काढ़ा और च्यवनप्राश बांटे सरकार: अखिलेश यादव
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के अगुआ अखिलेश यादव ने कहा है कि, सरकार आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड करने वालों को मुफ्त में काढ़ा और च्यवनप्राश बांटे। अखिलेश ने सोमवार को अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा- आयुष मंत्रालय की तरफ़ से टीवी पर दिखा रहे हैं कि कोरोना से बचने के लिए काढ़े व च्यवनप्राश का सेवन करना चाहिए। यदि ये वैज्ञानिक रूप से सिद्ध उपाय हैं तो संकटकाल में सरकार इनकी मुफ़्त आपूर्ति करे।

अखिलेश ने यह कहा कि, 'आरोग्य सेतु' का उपयोग करने पर ये पुरस्कार स्वरूप दिये जाएं तो लोग प्रोत्साहित होंगे। यादव ने यह बात आयुष मंत्रालय की ओर से जारी सुझावों की लिस्ट के बारे में कही। इन्हीं सुझावों में बताया गया है कि इन तरीकों से इम्युनिटी बढ़ाकर कोरोना से बचा जा सकता है। ज्ञातव्य है कि, खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुछ दिनों पहले लोगों से अपील की थी कि वे आयुष मंत्रालय की सलाह मानें और आयुर्वेदिक तरीके से अपनी इम्युनिटी बढ़ाए।

कोरोना का संक्रमण फैलने के साथ ही आयुष मंत्रालय ने लोगों को इम्युनिटी सुधारने के लिए जो कुछ उपाय सुझाए थे, उन्हीं सुझावों में कहा गया कि च्यवनप्राश खाने और हर्बल टी या काढ़ा पीने से इम्युनिटी में सुधार लाया जा सकता है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, लोग रोज एक चम्मच च्यवनप्राश के साथ सुबह की शुरुआत करें। जिन लोगों को डायबीटीज की समस्या है वे शुगर फ्री च्यवनप्राश खा सकते हैं। हर्बल टी या काढ़ा पिएं। इसके लिए तुलसी, दालचीनी, काली मिर्च और अदरक और मुनक्का को एक साथ पानी में उबाल लें और छानकर उस पानी का सेवन करें।
आयुष मंत्रालय ने सुझाव दिया है कि, लोग दिन में 1 से 2 बार यह काम कर सकते हैं। अगर इस काढ़े को पीने में परेशानी आए तो टेस्ट के लिए इसमें गुड़ या नींबू का रस भी मिला सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications