किसके साथ मिलकर लड़ेंगे 2027 का विधानसभा चुनाव? अखिलेश यादव ने अभी से बताया नाम
Akhilesh Yadav News: लोकसभा चुनाव 2024 के बाद से इंडिया गठबंधन के दलों के बीच सामंजस्य कम होता दिख रहा था, खासकर दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) के बीच खींचतान सुर्खियों में रही। लेकिन अब समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने इन अटकलों पर विराम लगा दिया है।
रविवार को एक प्रेस वार्ता में अखिलेश यादव ने साफ किया कि 2027 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव INDIA गठबंधन के साथ मिलकर लड़ा जाएगा। उन्होंने भरोसे के साथ कहा कि "PDA (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) एकजुट होकर बीजेपी की सत्ता को उखाड़ फेंकेंगे और समाजवादी सरकार बनाएंगे, जहां सबको न्याय मिलेगा।"

बीजेपी पर जमकर बरसे अखिलेश
अखिलेश यादव ने केंद्र की मोदी सरकार को आड़े हाथों लेते हुए वक्फ कानून पर कड़ा विरोध जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी वक्फ संपत्तियों को हड़पने की कोशिश कर रही है। अखिलेश ने तीखा हमला बोलते हुए कहा, 'जहां भी जमीन दिखती है, बीजेपी कब्जा कर लेती है। ये पार्टी अब 'भूमाफिया' बन गई है।'
इसके अलावा उन्होंने नोटबंदी और वस्तु एवं सेवा कर (GST) को लेकर भी मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "इन फैसलों के ज़रिए आम लोगों से उनका पैसा छीन लिया गया और आरक्षण के अधिकारों को भी कमजोर किया गया।"
महाकुंभ 2025 पर सरकार को घेरा
प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ 2025 को लेकर भी अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सरकार ने श्रद्धालुओं और मृतकों के आंकड़ों में हेरफेर की है और आयोजन के दौरान अव्यवस्था का आलम था। जनवरी में हुई भगदड़ के समय ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी की जरूरत थी, लेकिन वे बंद पड़े थे।
उन्होंने प्रशासन पर मृतकों के परिजनों पर मौत के कारण बदलवाने का दबाव डालने का भी आरोप लगाया। अखिलेश ने मांग की कि महाकुंभ आयोजन में हुई गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाया जाए।












Click it and Unblock the Notifications