UP News: अखिलेश यादव ने कहा BJP को दुर्गंध पसंद है इसलिए गौशाला बना रहे हैं, BJP नेताओं ने किया पलटवार
Akhilesh Yadav News: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान से राजनीति में हंगामा मच गया है। उन्होंने बीजेपी पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि उनको दुर्गंध पसंद है इसलिए गौशाला बना रहे हैं, हम सुगंध पसंद कर रहे थे इसलिए इत्र पार्क बना रहे थे। उनके इस बयान पर केशव प्रसाद मौर्य पलटवार करते हुए कहा कि सपा बहादुर श्री अखिलेश यादव को भी गोबर से दुर्गंध आ रही है, उनकी पार्टी का समाप्त वादी में तब्दील होना तय है।
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा समाजवादी लोग खुशहाली चाहते हैं। कन्नौज में रहकर हम लोगों ने भाईचारे की सुगंध दी है। ये बीजेपी के लोग जो हैं इनकी नफरत की दुर्गंध है। बीजेपी वाले गंध पसंद करते हैं इसलिए गौशाला बना रहे हैं, हम सुगंध पसंद कर रहे थे इसलिए इत्र पार्क बना रहे थे। उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि ये सरकार सांड पकड़ रही है या नहीं? उसका भी पैसा खा जा रहे हैं। हमलोग सुगंध पसंद वाले लोग हैं इसलिए इत्र पार्क बना रहे थे। ये दुर्गंध वाले लोग है।

उनकी पार्टी का समाप्त वादी में तब्दील होना तय है: केशव प्रसाद मौर्य
उनके इस बयान पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने X पर पोस्ट करते हुए करारा हमला किया। उन्होंने लिखा- किसान, ख़ासकर ग्वाल के बेटे को अगर गाय के गोबर से दुर्गंध आने लगे तो समझना चाहिए कि वह अपनी जड़ों और समाज से पूरी तरह कट चुका है। कथा सम्राट मुंशी प्रेमचंद ने लिखा था कि किसान के बेटे को अगर गोबर से दुर्गंध आने लगे तो अकाल तय है। सपा बहादुर श्री अखिलेश यादव को भी गोबर से दुर्गंध आ रही है, उनकी पार्टी का समाप्त वादी में तब्दील होना तय है।
दुर्गंध आपकी नमाजवादी विचारधारा और सोच में भरी हुई है: संबित पात्रा
वहीं बीजेपी नेता संबित पात्रा ने X पोस्ट में लिखा अखिलेश जी, दुर्गंध आपकी नमाजवादी विचारधारा और सोच में भरी हुई है, गौशाला में नहीं। दूसरे पोस्ट में उन्होंने लिखा- आज सपा-कांग्रेस का सनातन विरोधी चेहरा एक बार फिर उजागर हुआ है। एक तरफ सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को गौशाला से दुर्गंध आता है तो वहीं दूसरी ओर कांग्रेस विधायक राजेंद्र सिंह को साधु-संतों में सांड नजर आता है। अखिलेश यादव और कांग्रेस पार्टी को अगर गौ माता से दुर्गंध तथा साधु-संतों में सांड नजर आता है तो उन्हें हिंदुस्तान में राजनीति करना बंद कर देना चाहिए। यह भारत भूमि साधु-संतों, गौ माता और सनातन की भूमि है, हम इनका अपमान नहीं सहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications