सुनील पाल और मुश्ताक खान के अपहरण केस: आरोपी आकाश गिरफ्तार, मुठभेड़ में हुआ घायल
Comedian Sunil Pal News: यूपी के बिजनौर में पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मशहूर हास्य कलाकार सुनील पाल और फिल्म अभिनेता मुश्ताक खान के अपहरण मामले में मुख्य आरोपी लवी पाल के साथ फरार चल रहे उसके खास गुर्गे आकाश उर्फ गोला को देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आकाश पर 25 हजार रुपये का इनाम था। मिली जानकारी में मुताबिक मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी है, जबकि उसकी गोली दारोगा अवनीश मान की बुलेट प्रूफ जैकेट में फंस गई, जिससे वह बाल-बाल बच गए है।
आरोपी को अस्पताल में कराया गया भर्ती
घायल आरोपी को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक तमंचा और तीन कारतूस भी बरामद किए है। आकाश उर्फ गोला 20 दिसंबर से मुश्ताक खान के अपहरण मामले में फरार था, जबकि पुलिस ने पहले ही गैंग के 4 अन्य सदस्य सार्थक उर्फ रिक्की, अजीम, साबिउद्दीन और शशांक को गिरफ्तार कर लिया था। 17 दिसंबर को एक और आरोपी शिवा को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।

आरोपियों ने की पुलिस पर गोलीबारी
मुख्य आरोपी लवी पाल और उसके अन्य साथियों आकाश, अंकित पहाड़ी और रवि का मौसेरा भाई शुभम अभी भी फरार थे। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई थी। देर रात बिजनौर पुलिस को सूचना मिली कि आकाश उर्फ गोला मंडावर रोड पर मालन नदी के पुल के नीचे किसी से मिलने के लिए आ रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस ने उसकी घेराबंदी की और आरोपी ने घेराबंदी से बचने के लिए पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में एक गोली आकाश के पैर में लगी, और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने उसके पास से फिल्म अभिनेता मुश्ताक खान के खाते से निकाले गए 2 लाख 20 हजार रुपये में से 10,200 रुपये भी बरामद किए हैं। पहले पकड़े गए आरोपियों से पुलिस 1 लाख 15 हजार रुपये पहले ही बरामद कर चुकी थी। एसपी सिटी संजीव वाजपेई के अनुसार, आकाश शुक्ला लवी पाल के साथ फरार था और इसने लंबे समय तक लवी पाल के साथ ही छिपकर फरारी की थी। अब पुलिस की जांच में लवी पाल तक पहुंचने का रास्ता साफ हो गया है।
यह भी पढ़ें Fact Check: एलन मस्क और अरविंद केजरीवाल की हुई मुलाकात? जानें वायरल तस्वीर का सच












Click it and Unblock the Notifications