दादी के बगल में सो रही किशोरी को उठा ले गए दबंग, परिवार वाले देखते रह गए
आगरा। परिवार सोता रहा और ऑटो सवार तीन बदमाश 17 वर्षीय किशोरी को घर से उठाकर ले गए। परिजनों को जब तक किशोरी के अपहरण होने का पता लगता, ऑटो सवार बदमाश फरार हो चुके थे। इस मामले में पुलिस को अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी गई है। पुलिस पूरे मामले में छानबीन कर रही है। वहीं घर से किशोरी को उठाकर ले जाने की दुस्साहसिक वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने ऑटो की तलाश के लिए क्षेत्र के कई संदिग्धों से पूछताछ की है।

घर में दादी के पास सो रही थी पूजा
घटना आगरा से निकट थाना मलपुरा अजीज पुर नई आवादी कृष्ण कुंज क्षेत्र की है। यहां चंद्रकांत सिंह का परिवार रहता है। चंद्रकांत सिंह की 17 वर्षीय बेटी पूजा सिंह घर में अपनी दादी के साथ सो रही थी। पीड़ित परिवार का आरोप है कि देर रात करीब एक बजे के आस पास परिवार ने ऑटो और पूजा की चीखने की आवाजें सुनीं। परिजनों के मुताबिक घर की कुंडी तोड़कर ऑटो में आए कुछ युवक घर के अंदर प्रवेश कर गए और पूजा को ऑटो में जबरन डाल कर ले गए। किशोरी युवकों के चंगुल से छुड़ने के लिए चीखती रही। परिजनों की आंख खुली और उन्होंने ऑटो का पीछा किया। लेकिन, तब तक किशोरी को ऑटो में डालकर युवक मलपुरा के सोहल्ला की ओर चले गए।
पुलिस को दी शिकायत, पुलिस जांच पड़ताल में जुटी
इस घटना के बाद परिजनों ने 100 नंबर पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की लेकिन, कोई सुराग नहीं लगा। वहीं पुलिस को इस मामले में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी गई है। जिस ऑटो का नंबर पुलिस को दिया गया है उसकी पड़ताल की जा रही है। किशोरी को ऑटो सवार युवकों द्वारा उठाए जाने के मामले से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। किशोरी को सकुशल बरामद करने और ऑटो सवार बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस अब भरकस प्रयास कर रही है लेकिन, अभी तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी है। माना जा रहा है कि तीन युवकों ने किशोरी को घर से उठाया है।












Click it and Unblock the Notifications