आगरा: पातालकोट एक्सप्रेस के दो डिब्बों में लगी आग, सभी यात्री सुरक्षित
उत्तर प्रदेश के आगरा में बुधवार को एक बड़ा हादसा हुआ, जहां पातालकोट एक्सप्रेस के कुछ डिब्बों में आग लग गई। राहत की बात ये रही कि सभी यात्रियों को वक्त रहते उतार लिया गया, ऐसे में किसी को चोट नहीं आई। फिलहाल रेलवे अधिकारियों ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक पंजाब के फिरोजपुर से पातालकोट एक्सप्रेस (14624) मध्य प्रदेश के सिवनी जा रही थी। जब वो आगरा के थाना मलपुरा क्षेत्र के भदई रेलवे स्टेशन के पास पहुंची, तो उसमें आग लग गई। आनन-फानन में सभी यात्रियों को ट्रेन से नीचे उतारा गया। साथ ही कोच को ट्रेन से अलग कर दिया गया।

मामले में भारतीय रेलवे ने कहा कि आगरा-धौलपुर के बीच पातालकोट एक्सप्रेस में धुआं निकलने की सूचना मिली। इंजन से चौथे कोच GS कोच में धुआं देखा गया। ट्रेन को तुरंत रोक दिया गया और कोच को अलग कर दिया गया। किसी भी व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई है। हालांकि कोच पूरी तरह से जल गया।
ट्रेन में सवार एक यात्री ने बताया कि कोच के अंदर धुंआ आ रहा था। किसी को कुछ समझ नहीं आया, लेकिन कुछ देर में लोगों ने बताया कि ट्रेन में आग लगी है। ऐसे में सब अपना सामान लेकर नीचे उतर गए। कुछ देर बाद आग ने पूरे डिब्बे को चपेट में ले लिया। चौथे डिब्बे के बगल वाले डिब्बे को भी नुकसान पहुंचा है।
वहीं कुछ ही देर में रेलवे के अधिकारी, कर्मचारी और फायर ब्रिगेड के जवान मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। फिलहाल डिब्बों को वहां से हटाकर रेल यातायात को सुचारू करने का काम जारी है। रेलवे ने मामले में जांच के आदेश भी दे दिए हैं।
जब 9 लोगों की गई जान
बीते अगस्त में तमिलनाडु के मदुरै रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के प्राइवेट कोच में आग लग गई थी, जिसमें 9 लोगों की जान चली गई थी। बाद में पता चला कि प्राइवेट कोच में कुछ यात्री सिलेंडर लेकर यात्रा कर रहे थे, जिससे ये हादसा हुआ। इसके बाद से रेलवे ने काफी सख्ती बरती है।












Click it and Unblock the Notifications