योगी के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने फिर बोला अपनी ही सरकार पर हमला, जानिए क्या लगाए आरोप
लखनऊ। सुहैलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने प्रदेश के मुख्यमत्री योगी आदित्यनाथ पर एक बार फिर निशाना साधा है। द टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक ओम प्रकाश राजभर ने एक ट्वीट में लिखा है कि प्रयाग राज में अगले साल होने वाले कुंभ के लिए करोड़ों रुपये का खर्च किया जा रहा है लेकिन जब वे दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के लिए बजट मांगते हैं तो सरकार कहती है कि पैसा नहीं है।

राजभर ने सोमवार को एक ट्वीट में कहा, '2019 के लोकसभा चुनाव को देखते हुए ही मंदिर मुद्दे को हवा दी जा रही है। कुंभ के जरिये लोकसभा चुनाव के लिए ब्रांडिंग की जा रही है। कुंभ में हजारों करोड़ का बजट खर्च किया जा रहा है, जबकि दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के लिए बजट मांगता हूं तो बजट नहीं है। ओम प्रकाश राजभर ने एक अन्य ट्वीट में यह भी लिखा है, 'उत्तर प्रदेश के 75 जिलों में 16 दिव्यांग विद्यालय हैं। राज्य में दिव्यांग विद्यार्थियों की संख्या डेढ़ करोड़ की है।
अब भला डेढ़ करोड़ विद्यार्थी इन 16 स्कूलों में कैसे पढ़ेंगे? राज्य के हर जनपद में दिव्यांगों के लिए स्कूल खोलने के लिए मैं बजट मांगता हूं तो कहा जाता है बजट नहीं है।' उनका यह भी कहना है, 'मैं जब विकास के मुद्दों पर बात करता हूं तो कहा जाता है कि सरकार के खिलाफ मैं विद्रोह कर रहा हूं।' राजभर ने जिलों और शहरों के नाम बदलने पर योगी सरकार पर सवाल उठाया है। उन्होंने तंज करते हुए कहा है कि इलाहाबाद उनके खून में है। ऐसे में वह प्रयागराज कैसे बोल पाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications