यूपी में सरेआम पुलिस ने वकील को पीटा, वीडियो वायरल के बाद ये हुई कार्रवाई
नोएडा। यूपी के नोएडा में एक वकील को पुलिसकर्मी द्वारा पीटे जाने का मामला सामने आया है। पिटाई का यह वीडियो थाना फेस-3 क्षेत्र की गढ़ी चौखंडी चौकी का है। जहां पर एक वकील को पुलिसकर्मी द्वारा पीटा जा रहा है जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार पीड़ित वकील महेंद्र सिंह का कहना है कि वर्ष 2015 में उसकी करीब 12 बीघा जमीन पर एक प्रोजेक्ट बना रहे लोगों ने जबरन कब्जा कर लिया। जिसका मामला कोर्ट में है। वकील का कहना है कि वह इस मामले को लेकर जनसूचना के माध्यम से जनता को सूचित करने के लिए गया था, तभी कुछ पुलिस कर्मी उसे जबरन पकड़कर पुलिस चौकी ले आए और वहां उसके साथ मारपीट की।

वायरल हुआ वीडियो तो मचा हड़कंप
वकील की पिटाई का वीडियो वायरल होने पर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो में वकील को सिपाही थप्पड़ मारता दिखाई दे रहा है। सिपाही द्वारा वकील को थप्पड़ मारने के दौरान दूसरा पुलिस कर्मी उसे रोक रहा है।पीड़ित वकील का कहना है कि उसे पुलिस कर्मियों ने बिना वजह पीटा। वकील ने कहा कि इस घटना की शिकायत जिला बार कमेटी से करेंगे ताकि पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।

सिपाही को किया निलंबित
वहीं इस मामले में सीओ तृतीय श्वेताभ पांडेय का कहना है कि मामला संज्ञान में आने पर चौकी पर तैनात सिपाही वीरेंद्र सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पूरे मामले की जांच बैठा दी गई है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- दिन में 'एंटरटेनमेंट' करने के बाद रात में ऐसे लूटता था गिरोह, पुलिस ने बताई कहानी












Click it and Unblock the Notifications