देवबंद: भीम आर्मी की शोभा यात्रा पर प्रशासन ने लगाई रोक, माहौल बिगड़ने की आशंका
सहारनपुर। पिछले साल हुई जातीय हिंसा के बाद सुर्खियों में आई भीम आर्मी को 13 अप्रैल को देवबंद में शोभा यात्रा निकालने की अनुमति नहीं दी गई। पुलिस प्रशासन ने अनुमति देने से मना कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि माहौल बिगड़ने की आशंका को लेकर शोभा यात्रा की अनुमति नहीं दी जा रही है।

ज्ञात रहे कि सुप्रीम कोर्ट के एससीएसटी एक्ट में बदलाव किए जाने के विरोध में सहारनपुर समेत लगभग पूरे देश में बंद के आह्नान के दौरान कई जगह भारी हिंसा भड़क गई थी, जिसके बाद जेल में बंद भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर उर्फ रावण ने भूख हड़ताल कर दी। भीम आर्मी के इस कदम से पुलिस और प्रशासन सक्रिय हो गया।
भीम आर्मी ने 13 अप्रैल को देवबंद में शोभा यात्रा निकालने के लिए पुलिस प्रशासन को आवेदन पत्र दिया था, लेकिन प्रशासन ने अनुमति नहीं प्रदान की। भीम आर्मी के शोभा यात्रा निकालने की सूचना मिलते के बाद अखिल भारतीय रणवीर सेना ने भी उसी दिन बाइक रैली निकालने की घोषणा कर दी, जिसके बाद प्रशासन ने दोनों संगठनों की गतिविधि पर नजर रखनी शुरू कर दी है।
पुलिस पूरी तरह सजग
कोतवाल पंकज त्यागी ने कहा कि देवबंद में माहौल खराब करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्ती से निपटा जाएगा। उन्होंने कहा कि भीम आर्मी के आवेदन पत्र पर किसी प्रकार की कोई अनुमति नहीं प्रदान की गई है। कोतवाल ने कहा कि कानून व्यवस्था का हवाला देते हुए शासन और प्रशासन से भी नए आयोजन और जुलूस की अनुमति न देने का आग्रह किया गया है। सीओ सिद्धार्थ सिंह ने बताया कि किसी तरह के नए आयोजन की अनुमति नहीं दी जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications