MP News: इंदौर से शुरू होगी मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा, 150 इलेक्ट्रिक बसें जुलाई से दौड़ेंगी; सीएम डॉ. मोहन यादव ने दिए निर्देश
मध्य प्रदेश सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक बनाएगा, जिसकी शुरुआत इंदौर से होगी। पीएम ई-बस सेवा जुलाई से 150 इलेक्ट्रिक बसों को तैनात करेगी, साथ ही सात क्षेत्रों और महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के बीच अंतरराज्यीय मार्गों पर एक विस्तृत सुगम परिवहन नेटवर्क भी शुरू करेगी, जिसका संचालन AICTSL द्वारा किया जाएगा।
मध्यप्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और सुलभ बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रालय में आयोजित मध्यप्रदेश यात्री परिवहन एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के संचालक मंडल की बैठक में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा और पीएम ई-बस सेवा के विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में तय किया गया कि बस संचालन की शुरुआत सबसे पहले इंदौर संभाग से की जाएगी।

बैठक में परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह, मुख्य सचिव अनुराग जैन सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान प्रबंध संचालक मनीष सिंह ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से नई परिवहन योजना का खाका प्रस्तुत किया।
बैठक में जानकारी दी गई कि पीएम ई-बस सेवा के तहत इंदौर शहर में जुलाई माह से 150 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के अंतर्गत इंदौर को प्रदेश के अन्य जिलों, शहर और उपनगरीय क्षेत्रों से जोड़ने के लिए व्यापक बस नेटवर्क विकसित किया जाएगा।
इंदौर संभाग के सभी जिलों को जोड़ने के अलावा महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के लिए अंतरराज्यीय बस सेवाएं भी संचालित की जाएंगी। इन सेवाओं के संचालन की जिम्मेदारी अटल इंदौर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस लिमिटेड (AICTSL) को दी जाएगी।
सात परिवहन क्षेत्रों में बंटेगा मध्यप्रदेश
नई परिवहन व्यवस्था के तहत मध्यप्रदेश को सात क्षेत्रीय परिवहन जोनों—इंदौर, उज्जैन, भोपाल, जबलपुर, सागर, ग्वालियर और रीवा—में विभाजित किया जाएगा। प्रत्येक क्षेत्र में क्षेत्रीय सहायक कंपनियां बस संचालन और प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालेंगी।
प्रदेशभर में कुल 620 इंटरसिटी मार्गों की पहचान की गई है, जिन पर 2,432 बसें संचालित होंगी। इनमें इंदौर क्षेत्र के लिए 121 मार्ग निर्धारित किए गए हैं, जहां 608 बसों का संचालन किया जाएगा।
शहर और उपनगरीय क्षेत्रों तक पहुंचेगी सिटी बस सेवा
मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत सातों क्षेत्रीय मुख्यालयों में सिटी बस सेवाएं भी शुरू की जाएंगी। ये बसें शहरों के साथ-साथ महत्वपूर्ण उपनगरीय क्षेत्रों तक भी जाएंगी। इंदौर में सिटी और उपनगरीय क्षेत्रों के लिए 28 मार्ग चिन्हित किए गए हैं, जिन पर कुल 784 बसें संचालित की जाएंगी। इनमें पीएम ई-बस सेवा की 150 इलेक्ट्रिक बसें भी शामिल हैं।
अंतरराज्यीय मार्गों पर चलेंगी 276 बसें
इंदौर से महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के लिए कुल 101 अंतरराज्यीय मार्ग निर्धारित किए गए हैं। इन मार्गों पर 276 बसों का संचालन किया जाएगा। इस प्रकार इंदौर से संचालित इंटरसिटी, सिटी और अंतरराज्यीय बस सेवाओं को मिलाकर कुल 250 मार्गों पर 1,688 बसें चलेंगी।
निजी बसों पर नहीं पड़ेगा कोई प्रभाव
बैठक में स्पष्ट किया गया कि नई परिवहन योजना का वर्तमान में संचालित निजी बसों के परमिट या संचालन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। निजी बसें पूर्ववत अपनी सेवाएं जारी रखेंगी। बसों का संचालन मोटरयान अधिनियम, 1988 के प्रावधानों के अनुरूप किया जाएगा।
परिवहन व्यवस्था के लिए 1,190 पदों को मंजूरी
राज्य स्तरीय होल्डिंग कंपनी और सात क्षेत्रीय सहायक कंपनियों के संचालन के लिए कुल 1,190 पदों के सृजन को मंजूरी दी गई है। इन पदों को चरणबद्ध तरीके से अगले चार वर्षों में भरा जाएगा। राज्य स्तरीय कंपनी में आईटी, प्लानिंग, नीति एवं अनुसंधान, मानव संसाधन, अधोसंरचना, गुणवत्ता नियंत्रण और बिजनेस डेवलपमेंट सहित सात विभाग कार्य करेंगे। इन विभागों में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ तकनीकी विशेषज्ञों की भी नियुक्ति की जा सकेगी।
सीएम ने दिए जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत आने वाले मार्गों पर यात्रियों के लिए बस स्टैंड, प्रतीक्षालय और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संबंधित कलेक्टरों और नगरीय निकायों को जनसुविधाओं के विकास के लिए समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि परिवहन सेवाओं के विस्तार के साथ यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, ताकि प्रदेश में एक आधुनिक और सुदृढ़ सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था विकसित की जा सके।












Click it and Unblock the Notifications