यूपी: 'शाम तक बच्चे को बचा सको तो बचा लो, नहीं तो मार देंगे', पुलिस के उड़े होश
संभल। उत्तर प्रदेश में संभल में छात्र के अपहरण की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। चन्दौसी में अपराधी मस्त और पुलिस पस्त का नजारा देखने को मिला जहां बीए सेकंड ईयर के छात्र का दिनदहाड़े अपहरण हो गया और अपहर्ताओं ने छात्र के परिजनों को फोन पर मैसेज भेजकर परिवार और पुलिस को खुली चुनौती दी कि शाम तक अपने बच्चे को बचा सको तो बचा लो नहीं तो मार देंगे।

संभल के बहजोई थाना अंतर्गत गांव कानऊ धामपुर निवासी कुमर पाल के बेटे चन्दौसी स्थित श्याम सुन्दर स्मारक महाविद्यालय के छात्र विनोद कुमार का कुछ अज्ञात लोगों ने दिनदहाड़े अपहरण कर लिया। विनोद का अपहरण कर परिजनों के मोबाइल पर मैसेज किया कि रोक सको तो रोक लो, नहीं तो शाम तक विनोद को मार देंगे।

ये मैसेज पढ़कर विनोद के परिजनों के हाथ-पांव फूल गए और पुलिस से अपने बच्चे को जिंदा बरामद कर लाने की गुहार लगाते हुए चन्दौसी थाने में एफआईआर लिखाने पहुंच गए।

आनन-फानन में थाने में अपहरण की एफआईआर दर्ज कर ली गयी। मोबाइल पर ये मैसेज देख पुलिस के भी होश उड़ गए और सीओ चन्दौसी ने पुलिस अधीक्षक राधे मोहन भरद्वाज के आदेश अनुसार तत्काल पुलिस टीमें बना कर तलाश शुरू कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications