मऊ: रात के दो बजे दरवाजा खुलवाकर पड़ोसी ने महिला को लगा दी आग
मऊ। उत्तर प्रदेश में मऊ जनपद के हलधरपुर थाना के रतनपुरा गाव में उस समय हड़कंप गया जब एक पचास वर्षीय महिला रीता देवी घर के अंदर से जलती हुई, शोर मचाती हुई बाहर भागी। महिला के शोर मचाने की आवाज को सुनकर पड़ोसी उसको जलते हुए देखकर सकते में आ गये। पीड़ित महिला में लगी आग को बुझाते हुए तत्काल एम्बुलेन्स बुलाकर इलाज के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया जहां महिला की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सक ने बेहतर इलाज के लिए जिला हॉस्पिटल में रेफर कर दिया। जिला चिकित्सालय में भी डॉक्टरों ने महिला की नाजुक हालत को देखते हुए उसको वाराणसी रेफर कर दिया। महिला अभी भी खतरे से बाहर नहीं हुई है।

घर में अकेली थी महिला
पीड़ित महिला का आरोप है कि गांव के रहने वाले हरेन्द्र गुप्ता से उनका पुराना विवाद चल रहा था जिस पर मौका देख हरेन्द्र अकेली विधवा महिला रीता देवी को आये दिन प्रताड़ित करता था । महिला के पति की दो वर्ष पूर्व मृत्यु हो गयी थी। महिला के दो बेटे, दो बेटियां हैं। बेटियों की शादी हो चुकी है। घटना के समय महिला के दोनों बेटे घर पर नहीं थे। बड़ा बेटा संन्तोष रतनपुरा बाजार में अपनी दुकान चलाता है और छोटा बेटा मुम्बई में मजदूरी का काम करता है।

रात का दरवाजा खुलवाया
घटना के वक्त महिला घर में अकेली थी और उसका पड़ोसी हरेन्द्र गुप्ता रात दो बजे घर का दरवाजा खटखटाने लगा। उसकी नींद खुल गयी और पूछा कौन है तो बताया हरेन्द्र है तो दरवाजा खोल कर जैसे ही पूछा कि क्या काम है तो हरेन्द्र गुप्ता गाली गलौज करते हुए घर में घुस गया। यही नहीं घर में घुसते देखकर महिला ने विरोध करते हुए शोर मचाना शुरू किया तो हरेन्द्र ने उसके ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दिया। देखते ही देखते महिला शोर मचाते हुए घर से निकलकर बाहर भागी और तब उसके पड़ोसी जग गये और आग को बुझाया। यही नहीं पीड़िता का आरोप है कि पैसे की मांग कर रहा था, उसके साथ पुराना विवाद चल रहा था।

फिर किया आग के हवाले
पीड़ित महिला के बेटे संतोष ने कहा कि जिस वक्त घटना घटी है, उस वक्त हमारे घर पर कोई नहीं था। मेरी मां अकेले घर पर थी और रात में हरेन्द्र मेरे घर आकर दरवाजा खुलवाकर मां के साथ में गाली-गलौज किया। जब मां ने विरोध किया तो उसने मां के उपर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दिया। इस मामले में एसपी मऊ शैलेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि हलधरपुर थाना क्षेत्र के रतनपुरा गाव मे एक महिला को जलाने का मामला प्रकाश में आया है महिला की हालत गम्भीर है। जिला चिकित्सालय से वाराणसी रेफर कर दिया गया है। पीड़ित परिवार की तरफ से अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। महिला का इलाज चल रहा है। पीड़ित परिवार के तरफ से जो तहरीर दिया जायेगा, उसके अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications