आ रहे पति के इंतजार में दरवाजे पर बैठी पत्नी पर गिरी बिजली, भतीजी समेत हुई मौत
बहराइच। बारिश के दौरान तेज गर्जना के साथ शुक्रवार की सुबह एक घर के आंगन में आकाशीय बिजली गिरी जिसकी चपेट में आकर एक बालिका व एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक युवक बेहोश हो गया। हादसे से पूर्व युवती का पति लखनऊ से वापस गांव लौट रहा था। उसे रास्ते में ही हादसे की खबर मिली। पुलिस व राजस्व महकमे के अफसर मौके पर पहुंच गए हैं।

प्राप्त समाचार के अनुसार, खैरीघाट थाने के बेलामकन गांव में शुक्रवार की सुबह से बारिश हो रही थी। सुबह लगभग साढ़े सात बजे राजेश यादव की पत्नी रीना यादव, अपनी भतीजी 5 वर्षीय अर्चना व भतीजे 33 वर्षीय दामोदर के साथ दरवाजे पर बैठे बातचीत कर रहे थे। कामकाज के सिलसिले में राजेश यादव लखनऊ में रहता था। गुरुवार की रात रीना की अपने पति राजेश से फोन पर बात हुई थी।
राजेश लखनऊ से बस से घर आने को निकल चुका था। सुबह बारिश होने लगी। यहां तीनों दरवाजे पर बैठे बातचीत करते हुए राजेश के आने का इंतजार कर रहे थे। दरवाजे से लगा घर का आंगन है। अचानक आंगन में तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी जिसकी चपेट में आकर रीना व अर्चना की मौत हो गई। दामोदर बेहोश हो गया।
जिस दौरान हादसा हुआ उस समय राजेश लखनऊ से बेहड़ा पहुंच चुका था। गांव केवल चार किमी दूर रह गया था। जानकारी मिलते ही खैरीघाट के प्रभारी थानाध्यक्ष वेद राम यादव पुलिस बल के साथ पहुंच कर लाशों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने को प्रक्रिया शुरू कर चुके थे। उन्होंने बताया कि दामोदर को आधे घंटे बाद होश आ गया है।












Click it and Unblock the Notifications