बीवी के रहते दूसरी महिला के पास जाने से रोका तो मां को बेटे ने मार डाला
मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश में चुनार कोतवाली के तेन्दुआ कला ग्राम पंचायत के पिपराही मजरे में शनिवार की देर रात अपनी ही मां को तब तक चाकुओं से मारता रहा, जब तक की मौत नहीं हो गई। कलयुगी पुत्र तीन दिन पहले ही सूरत से आया था। गांव में किसी महिला से संबंध को लेकर मां और पत्नी ने उसका विरोध किया। इस पर वह पत्नी की पिटायी शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची मां पर चाकू लेकर टूट पड़ा और उसे मौत के घाट उतार दिया। मां के हत्यरोपी पुत्र की गिरफ्तारी के लिए पुलिस रविवार को पूरे दिन परेशान रही लेकिन उसको सुराग नहीं मिल पाया।

सूरत में रहकर कार्य करता था
गांव का रामकेश तीन भाई थे। एक भाई की मौत हो चुकी है और दो भाई सूरत में रहकर निजी कंपनी में काम करते हैं। तीन दिन पहले सूरत से छुट्टी लेकर रामकेश गांव आया था। यहां आने पर उसके गांव की किसी महिला से संबंध होने की जानकारी परिवार के सदस्यों व उसकी पत्नी को हुई तो उसने मना किया।
घर में रखे चाकू से की हत्या
पत्नी और मां ने रामकेश को महिला के घर जाने से मना किया। इस पर पत्नी से उसका विवाद हो गया। देखते ही देखते रामकेश पत्नी की पिटायी करने लगा। बहू के बचाव में जब उसकी मां खड़ी हुई तो वह और आक्रोशित होकर घर में घुसा और चाकू लेकर बाहर निकला। जब तक लोग माजरा समझ पाते उसने मां के शरीर पर चाकुओं से वार करके मौत के घाट उतार दिया। इससे पूरे गांव में कोहराम मच गया।
शोर मचाने पर हत्यारोपी पुत्र भाग निकला
परिवार के सदस्यों के शोर मचाने पर मां का हत्यारोपी पुत्र वहां से भाग गया। घटना की सूचना पर पहुंचे ग्रामीण और पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजकर हत्यारोपी पुत्र की खोजबीन शुरू कर दी। रविवार तक उसको कोई सुराग नहीं मिला। कोतवाल राजीव सिंह का कहना है कि आशंका व्यक्त की जा रही है कि वह घटना के बाद सूरत भागा होगा। सूरत से उसकी गिरफ्तारी की योजना तैयार की जा रही है। वह कहीं भी रहेगा उसको हर हाल में पकड़ लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications