बीवी ने कहा रोजगार करो तब खाना दूंगी, पति ने लोढ़ा से कूचकर मार डाला
मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश में मिर्जापुर जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र के हनुमान पड़रा गांव में शनिवार को नकारे पति को पत्नी ने भोजन देने से मना कर दिया। इससे नाराज पति ने लोढ़ा से सिर कूचकर पत्नी की हत्या कर दी। बचाव करने आए अपने बड़े भाई को भी दौड़ा लिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने साथ ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

मजदूरी छोड़ पाही पर रहता था
क्षेत्र निवासी रामकुमार भग्गन मजदूरी का काम करता था। काफी दिनों से वह काम छोड़कर घर से दूर पाही पर रहता था। इस कारण परिवार की माली हालत खराब हो गई थी। पत्नी और तीन बच्चो का जीवनयापन करना मुश्किल हो गया था।
भोजन न देकर पत्नी ने काम करने को कहा
शनिवार को रामकुमार पाही से घर पर पहुंचा और पत्नी से भोजन मांगा। पत्नी 35 वर्षीय अमरावती ने खाना देने से मना करते हुए पति से कुछ काम-धंधा करने की बात कही। इससे रामकुमार आक्रोशित हो गया। पास रखे लोढ़ा से पत्नी के सिर पर वार कर दिया। बड़े भाई लालता ने रोकने की कोशिश की तो उन्हें भी मारने के लिए दौड़ा लिया। बड़े भाई वहां से भागे। पत्नी के बेहोश होने पर रामकुमार भी वहां से भागा।
पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार किया
सूचना मिलने पर पहुंचे मृतका के भाई शारदा ने पुलिस को सूचना देकर हत्या की तहरीर दी। पुलिस ने शव हत्या का मुकदमा दर्ज करने के साथ ही गांव से ही आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल संजय राय ने बताया कि पति मानसिक रूप से विक्षिप्त है। उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications