Stock Market Holiday: क्या 28 मई को बंद है शेयर मार्केट? NSE, BSE और MCX की ट्रेडिंग टाइमिंग्स का अपडेट
Stock Market Holiday: मई महीने के आखिरी सप्ताह में शेयर बाजार से जुड़े निवेशकों और ट्रेडर्स के लिए जरूरी खबर सामने आई है। देश के दो बड़े स्टॉक एक्सचेंज नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) 28 मई 2026, गुरुवार को बंद रहेंगे। बकरीद यानी ईद-उल-अजहा के मौके पर बाजार में किसी तरह की ट्रेडिंग नहीं होगी।
इस छुट्टी की वजह से इस सप्ताह कारोबार के दिन कम हो जाएंगे, जिसका असर निवेशकों की ट्रेडिंग और सेटलमेंट प्लानिंग पर भी पड़ सकता है। पिछले कुछ दिनों से बकरीद की छुट्टी 27 मई होगी या 28 मई, इसे लेकर अलग-अलग जगहों पर भ्रम बना हुआ था। अब एक्सचेंजों और वित्तीय संस्थानों ने साफ कर दिया है कि बाजार 28 मई को बंद रहेगा। ऐसे में निवेशकों को छुट्टी से पहले अपने जरूरी काम पूरे करने की सलाह दी गई है।

किन-किन सेगमेंट में नहीं होगा कारोबार
एनएसई की आधिकारिक छुट्टी सूची के मुताबिक 28 मई को इक्विटी मार्केट, इक्विटी डेरिवेटिव्स, करेंसी डेरिवेटिव्स, सिक्योरिटीज लेंडिंग एंड बॉरोइंग (SLB) और इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीट (EGR) से जुड़े सभी कारोबार बंद रहेंगे। यानी शेयर खरीद-बिक्री से लेकर फ्यूचर्स और ऑप्शंस तक किसी भी तरह की ट्रेडिंग नहीं हो सकेगी।
ये भी पढ़ें: Bakrid 2026: बकरीद की छुट्टी को लेकर दूर हुआ कन्फ्यूजन, आपके शहर में किस दिन बंद रहेंगे बैंक? हॉलिडे लिस्ट
MCX में सुबह का कारोबार रहेगा बंद
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) में भी बकरीद के दिन सुबह का ट्रेडिंग सेशन बंद रहेगा। हालांकि शाम के सत्र में कमोडिटी ट्रेडिंग दोबारा शुरू होने की संभावना है। ऐसे में कमोडिटी बाजार से जुड़े ट्रेडर्स को अपने सौदों की प्लानिंग समय के हिसाब से करनी होगी।
मई में दूसरी बार बंद रहेगा बाजार
मई 2026 में यह दूसरी बड़ी बाजार छुट्टी होगी। इससे पहले 1 मई को महाराष्ट्र दिवस के कारण शेयर बाजार बंद रहा था। इसके अलावा साल 2026 में मुहर्रम, गणेश चतुर्थी, दशहरा और क्रिसमस जैसे त्योहारों पर भी बाजार बंद रहेंगे। शेयर बाजार हर शनिवार और रविवार को भी नियमित रूप से बंद रहता है।












Click it and Unblock the Notifications