Delhi-NCR Weather: अगले 48 घंटे दिल्ली-एनसीआर पर भारी! आंधी और बारिश का अलर्ट, IMD का लेटेस्ट अपडेट
Delhi NCR Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी और लू (Heat Wave) की मार झेल रहे लोगों के लिए राहत की बड़ी खबर आ रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा बुलेटिन के मुताबिक, आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदलने वाला है। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद के आसमान में बादलों का डेरा शुरू होने जा रहा है, जिससे तपती गर्मी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने 28 मई से लेकर 31 मई तक के लिए अलर्ट जारी किया है, जिसमें धूल भरी आंधी और आकाशीय बिजली के साथ तेज बारिश की संभावना जताई गई है। आइए जानतें हैं मौसम विभाग के अनुसार आपके शहर में कैसा रहेगा मौसम का हाल।

दिल्ली-एनसीआर में आज के मौसम का हाल
मौसम विभाग के अनुसार, 28 मई को दिन की शुरुआत हल्के बादलों के साथ होगी, जो बाद में सामान्य रूप से बादलों में बदल जाएगी। दिन के समय 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलेंगी, जिनकी रफ्तार बीच-बीच में 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। सबसे बड़ी राहत शाम या रात के वक्त मिलने की उम्मीद है, जब दिल्ली-एनसीआर के अधिकांश इलाकों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली के साथ बहुत हल्की या हल्की बारिश (Very Light/Light Rain) दर्ज की जा सकती है।
इस दौरान 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की भी संभावना है, जो बढ़कर 70 किमी प्रति घंटा तक जा सकती है। विभाग ने इस दिन के लिए 'येलो और ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है।
दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा कल का मौसम
29 मई को दिल्ली-एनसीआर में मौसम सबसे ज्यादा आक्रामक और राहत देने वाला रहेगा। IMD के मुताबिक, इस दिन आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे (Generally Cloudy Sky)। सुबह या दोपहर से पहले के समय में गरज-चमक के साथ तेज बारिश का एक दौर आएगा, जिसमें हवा की रफ्तार 60-70 किलोमीटर प्रति घंटे से लेकर 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
इसके बाद दोपहर या शाम के वक्त बारिश का दूसरा दौर शुरू होने की संभावना है, जिसमें 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलेंगी। मौसम विभाग ने इस दिन के लिए पूरे दिल्ली-एनसीआर में भारी आंधी और बारिश का 'ऑरेंज अलर्ट'जारी किया है, जिससे तापमान में भारी गिरावट आएगी।
दिल्ली-एनसीआर में कब होगी बारिश?
30 मई को भी दिल्ली-एनसीआर के लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलती रहेगी। इस दिन आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली, फरीदाबाद, गुरुग्राम और नोएडा के कई इलाकों में गरज-चमक और बिजली कड़कने के साथ-साथ बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की पूरी संभावना है।
इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच रहेगी। इस दिन गुरुग्राम और फरीदाबाद की तरफ ज्यादा असर दिख सकता है, जबकि नई दिल्ली और उत्तर दिल्ली में मौसम सामान्य रूप से क्लाउडी रहेगा।
31 मई को कैसा रहेगा मौसम
मई महीने के आखिरी दिन यानी 31 मई को आंधी और तूफान का असर काफी कम हो जाएगा, लेकिन राहत बरकरार रहेगी। आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे (Partly Cloudy Sky)। हालांकि, मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि कुछ इलाकों में गरज-चमक और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाओं के साथ बहुत हल्की बारिश या बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है। महीने के अंत तक तापमान में आई गिरावट के चलते मौसम सुहावना बना रहेगा और लोगों को लू के थपेड़ों से पूरी तरह निजात मिल चुकी होगी।















Click it and Unblock the Notifications