कुत्ते ने इलाहाबाद में फैलाया सांप्रदायिक तनाव, देखिए वीडियो
अखिलेश्वर महादेव मंदिर में बछड़े का कटा हुआ सिर मिला था जिसके बाद सांप्रदायिक तनाव हो गया था। सीसीटीवी फुटेज से इस मामले का कसूरवार एक कुत्ता निकला है।
इलाहाबाद। इलाहाबाद की आबोहवा में शनिवार को साम्प्रदायिक तनाव फैलाने का मामला खुल चुका है। मंदिर में मांस ले जाने की हिमाकत किसी साजिश के तहत नहीं हुई थी। इस पूरे फसाद की वजह एक कुत्ता निकला। दरअसल पुलिस ने जांच के दौरान मंदिर के बगल स्थित स्कूल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की तो सबकुछ साफ हो गया। फुटेज में साफ दिखाई पड़ा कि एक कुत्ता, बछड़े का कटा सिर उठाकर मंदिर परिसर में जा रहा है। पुलिस ने इस बारे में लोगों को बताया। वीडियो फुटेज शेयर किया तो लोगों का गुस्सा शांत हुआ। जिसके बाद मंदिर से पुलिस फोर्स और आरएएफ को हटा दिया गया है।

कहां से आया बछड़े का सिर
इलाहाबाद के तेलियारगंज स्थित अखिलेश्वर महादेव मंदिर के निकट ही लालजी यादव डेयरी चलाते हैं। दो दिन पहले लालजी की गाय ने मृत बछड़ा जना था। बछड़े के शव को रात में कुत्तों ने नोंच डाला और टुकड़े उठा ले गए। उसी टुकड़े में से बछड़े का सिर एक कुत्ता जब मंदिर लेकर चला गया तो बवाल मच गया। गनीमत बस इतनी रही कि यह वाकया स्कूल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।
जमकर हुआ था बवाल
अखिलेश्वर महादेव मंदिर में कल बछड़े का कटा सिर मिला था जिस पर हिंदू संगठन भाजपा, बजरंग दल, विहिप के लोगों ने जमकर हंगामा किया। सड़क पर चक्काजाम हुआ। हजारों लोग मंदिर पहुंच गये। पूरे जिले की फोर्स व आरएएफ मौके पर पहुंच गई। विहिप ने चेतावनी दी थी कि शहर का माहौल खराब करने की साजिश रचने वाले लोगों को 24 घंटे में गिरफ्तार नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन होगा। मौके पर आईजी जोन और एसएसपी ने लोगों को साजिश बेनकाब करने का भरोसा दिया। पुलिस की पांच टीमे जांच में जुटी। पुलिस को जब भनक लगी कि डेयरी की एक गाय ने मृत बछड़ा जन्मा था। पुलिस डेयरी मालिक लालजी के घर गई तो डर कर वह घर से भाग निकला।
रात में सबकुछ साफ होने लगा
पड़ोसियों ने बताया कि लालजी की गाय ने मरे बछड़े को जन्मा दिया था। पुलिस लालजी का इंतजार करती रही। रात में लालजी घर लौटा तो उससे कड़ाई से पूछताछ हुई। लालजी बोला कि "वह मृत बछड़े को डेयरी में उठा लाया और बोरे से ढक दिया था। रात में आवारा कुत्तों ने शव नोच डाला।" पुलिस ने आधी गुत्थी सुलझा ली तो सीसीटीवी की तलाश शुरू हुई। पुलिस ने महर्षि पतंजलि विद्या मंदिर के गेट पर लगे कैमरों की फुटेज चेक की तो सुबह करीब सात बजे एक कुत्ता सड़क पर दूर से बछड़े का कटा सिर लाते दिखा। एक कैमरे की फुटेज में यही कुत्ता मंदिर के गेट से भीतर जाता दिखा है। पुलिस का कहना है कि कुत्ता कटा सिर मंदिर परिसर में छोड़कर भाग गया था। इसमें कोई साजिश नहीं थी।












Click it and Unblock the Notifications