यूपी: दलित कर्मचारी को बदमाशों ने घर में घुसकर कुल्हाड़ी से मारा, मौत
यूपी के अमेठी में लगभग 15 दिन पहले बदमाशों के हमले में घायल एक दलित कर्मचारी की आज इलाज के दौरान मौत हो गई।
अमेठी। यूपी के अमेठी में लगभग 15 दिन पहले बदमाशों के हमले में घायल एक दलित कर्मचारी की आज इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने मृतक के शव को अमेठी-सुल्तानपुर मार्ग पर प्रदर्शन किया जिससे घंटों तक यह रास्ता बंद रहा। बाद में प्रशासन के काफी मनाने के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन वापस लिया। बता दें कि मृतक यूपी सरकार में आमीन के पद पर कार्यरत था।

क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के मुताबिक अमेठी के परसावां गांव के रहने वाले जगदीश के घर में 24 मई की देर रात बदमाशों ने जबरन घुसकर उसको बुरी तरह मारा-पीटा और कुल्हाड़ी से सिर पर वार किया। जिससे जगदीश बुरी तरह घायल हो गया। जगदीश के परिजन उसे लेकर सीएचसी अमेठी आए जहां प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल सुल्तानपुर रेफर कर दिया था। जहां से डाक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ ट्रांमा सेंटर में जिंदगी और मौत की जंग में जगदीश जिंदगी की जंग हार गया।

हत्यारों की गिरफ्तारी को लेकर प्रदर्शन
उधर जगदीश की मौत की खबर पाकर ग्रामीण गुस्से से भर गए और जगदीश के घर इकठ्ठा होने लगे। दिन में जैसे ही जगदीश का शव आया ग्रामीणों ने उसे अमेठी-सुल्तानपुर मार्ग के बीचों बीच रख कर प्रदर्शन शुरु कर दिया। दरअसल ग्रामीणों के प्रदर्शन में दो प्रमुख मांगे थी। पहली ये के मृतक के बेटे को तत्काल नौकरी दी जाए और दूसरी ये के हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए।

जांच में जुटी पुलिस
सूचना के बाद एसडीएम अमेठी प्रियंका सिंह ने मौके पर पहुंच कर ग्रामीणों को समझाया। जिसके बाद जाकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन खखत्म किया। एसडीएम प्रियंका सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर पर हत्या का नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications