मुखबिरों की सूचना पर चली कई राउंड की गोलियां, पकड़ा गया कुख्यात अपराधी
हरदोई। हरदोई के बिलग्राम कोतवाली इलाके में पुलिस व बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक 25 हजार के इनामी बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी है। उसके साथी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जबकि एक फरार हो गया है। वही बदमाश का कहना है कि वह शिकार करने आया था, जहां उसे पकड़ कर गोली मारी गयी है। पुलिस की गोली से घायल अपराधी को उपचार के लिए पुलिस अभिरक्षा में लखनऊ रेफर कर दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, बिलग्राम कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक बाइक पर तीन बदमाश कहीं बड़ी वारदात को अंजाम देने जा रहे है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया। बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के अतरछा गांव के पास बदमाश दिखे। जब उन्हें चेकिंग के लिए रोका गया तो उन्होंने बाइक दौड़ा दी। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया व रुकने का इशारा किया लेकिन बदमाश पुलिस पर फायर करते हुए भागने लगे। पुलिस के मुताबिक पुलिस ने भी बचाव करते हुए फायर किया तो एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गयी जबकि एक साथी पकड़ लिया गया है। वही दूसरा भाग निकला।

मौके पर बदमाश की बाइक भी छूट गयी। गोली लगने से घायल बदमाश को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। जहां से उसे पुलिस अभिरक्षा में लखनऊ रेफर कर दिया गया। सूचना पाकर एसपी विपिन कुमार मिश्र, एएसपी ज्ञानंजय सिंह समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायल बदमाश धर्मेन्द्र और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
ये भी पढ़ें- मामूली विवाद में दबगों ने मारी तीन लोगों को गोली, हालत गंभीर
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि धर्मेंद्र ने बिलग्राम के नगर पालिका अध्यक्ष मोहम्मद हबीब के भतीजे सुल्तान से दो लाख रुपये की लूट 9 जून की सुबह की थी। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम था। इस प्रकरण में एक आरोपी की गिरफ्तारी पहले हो चुकी है। पुलिस की गोली लगने से घायल बदमाश धर्मेंद्र उर्फ धरुआ ने पुलिस की कहानी पर सवाल खड़े कर दिए। उसका कहना है कि वह शिकार करने के लिए गया था जहां पुलिस ने उसे गोली मार दी।
ये भी पढ़ें- मुज़फ्फरनगर का नीशू बना 'रोनाल्डो', फुटबॉल में करेगा देश का प्रतिनिधित्व












Click it and Unblock the Notifications