VIDEO: कमरे में चारों ओर नोटों के बंडल, जानिए इत्र कारोबारी के घर से अब तक कितना कैश मिला
लखनऊ, 24 दिसंबर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में इत्र कारोबारी पीयूष जैन के यहां आयकर विभाग ने छापा मारा था, जिसकी कार्रवाई अभी तक जारी है। छापे के दौरान टीम को वहां पर इतनी नगदी मिली कि उनके होश उड़ गए। पिछले 24 घंटे से नोट गिनने का काम जारी है, लेकिन अभी वो पूरा नहीं हो पाया। ये सारा खेल अरबों की टैक्स चोरी का है, जिस वजह से डीजीजीआई की टीम पीयूष जैन के बेटे प्रत्युष से पूछताछ कर रही। इसके अलावा वहां पर मौजूदा सारे सबूतों को कब्जे में लिया जा रहा है। (वीडियो नीचे)

फर्जी बिल का इस्तेमाल
मामले में केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) के अध्यक्ष विवेक जौहरी ने कहा कि जैन के घर छापेमारी के बाद फर्जी बिल और फेक क्रेडिट का मामला दर्ज किया गया है। जीएसटी लॉ कहता है कि अगर आपका बिल एक तय लिमिट से ज्यादा है, तो कई बिल्स जनरेट करने होंगे। छापेमारी के दौरान टीम को ऐसी वस्तु मिली, जिस पर टैक्स रेट 28 प्रतिशत से ज्यादा है। उन्होंने आगे कहा कि जांच में पता चला कि ये लोग बिना किसी बिल और ई-वे बिल के सामान भेज रहे थे। इसमें 2-3 पार्टियां शामिल हैं। हमें जो भी बिल मिले, वे सभी फर्जी थे। कई सामानों की कीमत कम बताई गई। फिलहाल छापेमारी अभी जारी है।

150 करोड़ की नगदी
जौहरी ने आगे कहा कि हमें जानकारी मिली है कि पान मसाला और जी कंपनी त्रिमूर्ति फ्रेग्रेंस बिना बिल और बिना टैक्स चुकाए सामानों के एक जगह से दूसरे जगह भेज रहे थे। अभी तक करीब 150 करोड़ की नगदी मिली है, जिसकी गिनती मशीनों के द्वारा की जा रही। छापेमारी पूरी होने के बाद विस्तार से जानकारी दी जाएगी।

वीडियो आया सामने
वहीं छापेमारी का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में आप देख सकते हैं कि एक कमरे में चारों ओर नोटों के बंडल हैं। साथ ही छापेमारी टीम के सदस्य उन नोटों की गिनती मशीनों से कर रहे। इतने ज्यादा कैश को देखते हुए सीबीआईसी और आयकर विभाग ने अतिरिक्त मशीनों को भी मंगाया है।












Click it and Unblock the Notifications