उन्नाव: कोविड अस्पताल में पिछले 24 घंटे में 13 संक्रमितों ने तोड़ा दम, परिजनों ने कहा- इलाज में हुई लापरवाही
उन्नाव। उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण फैलने से हालात काफी गंभीर हैं। उन्नाव के सरस्वती मेडिकल कॉलेज में बुधवार को नौ कोरोना संक्रमितों की मौत से हड़कंप मच गया है। पिछले 24 घंटे में इस अस्पताल में 13 संक्रमितों ने दम तोड़ा है। परिजनों ने हंगामा करते हुए आरोप लगाया है कि अस्पताल में इलाज को दौरान भारी लापरवाही बरती गई। ऑक्सीजन और दवा के अभाव में कोरोना संक्रमितों की जान चली गई।

सरस्वती मेडिकल कॉलेज उन्नाव का एकमात्र कोविड अस्पताल है। पिछले एक महीने में सरस्वती मेडिकल कॉलेज में 470 कोरोना पीड़ितों को भर्ती किया गया। यहां भारी अव्यवस्था की शिकायतें हैं। पिछले पांच दिनों में इस अस्पताल में 25 संक्रमितों की जान गई है। 24 घंटे के अंदर 13 कोरोना संक्रमितों की मौत के बाद परिजनों ने बुधवार को अस्पताल में काफी हंगामा किया। परिजनों का कहना था कि अस्पताल में इलाज में लापरवाही की गई और उनकी शिकायतों पर कोई ध्यान नहीं दिया गया।
परिजन अस्पताल प्रशासन से शव देने की मांग कर रहे थे। हंगामे की खबर मिलने पर एसडीएम हसनगंज प्रदीप अस्पताल पहुंचे और उन्होंने परिजनों को समझाया। सीएमओ डॉक्टर आशुतोष ने कहा कि जिन मरीजों की मौत हुई हैं उनकी हालत काफी गंभीर थी। मरीजों को बचाने की पूरी कोशिश की जा रही है और शिकायतों का भी समाधान किया जा रहा है। कहा कि अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी नहीं है और मरीजों को दवा व इंजेक्शन भी दिए जा रहे हैं।
उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस से बिगड़ते हालात का आलम यह है कि यहां प्रतिदिन मृतकों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। हेल्थ डिपार्टमेंट में अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में पिछले 24 घंटे में 187 लोगों की मौत हुई है। मंगलवार को इस बीमारी से 163 लोगों की जान गई थी। बुधवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, यूपी में पिछले 24 घंटे में 28,821 नए कोरोना मरीज मिले हैं।
अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने जानकारी दी कि पिछले 24 घंटे में 2,25,269 सैंपल्स की जांच हुई। प्रदेश में कोरोना वायरस के 2,42,265 सक्रिय केस हैं। अब तक 6,89,900 मरीज इस बीमारी से मुक्त हो चुके हैं और उनको डिस्चार्ज किया जा चुका है। प्रदेश में 93,76,419 लोगों को टीकाकरण की पहली डोज और 17,69,611 लोगों को दूसरी डोज दी जा चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications