बसपा विधायक के भाई की मौत, हादसा या हत्या, मुन्ना बजरंगी गैंग का हाथ!
उन्नाव। यूपी के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर हुए हादसे और विधायक के भाई की मौत मामले में नया मोड़ आ गया है। पूर्व बसपा विधायक लोकेश दीक्षित ने पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचकर अपने भाई की मौत को साजिश बताया है। उन्होंने कहा कि उनकी भाई की मौत के पीछे मुन्ना बजरंगी गैंग का हाथ है। इस संबंध में उन्होंने जिलाधिकारी के साथ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र भी दिया है। इस मामले में जिलाधिकारी ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है।

पूरी घटना 13 दिसंबर की है। दिल्ली के प्रीत विहार ईस्ट बलदेव कॉलोनी निवासी नारायण दीक्षित अपने साथी इंजीनियर अजय कुमार रैना के साथ लखनऊ मीटिंग में आ रहे थे। बांगरमऊ कोतवाली अंतर्गत रघुरामपुर गांव के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर पलट गई। जिसमें नारायण दीक्षित की मौत हो गई थी, जबकि इंजीनियर अजय कुमार रैना गंभीर रूप से घायल हो गए थे। अजय कुमार ने इस घटना के विषय में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नारायण दीक्षित बागपत जिले के बड़ौद विधानसभा क्षेत्र के पूर्व बसपा विधायक लोकेश दीक्षित के भाई हैं। जो रेलवे में ठेकेदारी करते हैं। वह लोग लखनऊ में आयोजित मीटिंग में भाग लेने के लिए जा रहे थे। यह घटना कैसे हुई इस बात का पता अजय कुमार को नहीं है।

सूचना पाकर पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे नारायण दीक्षित के भाई पूर्व विधायक लोकेश दीक्षित ने बताया कि मुन्ना बजरंगी गैंग की तरफ से उनके भाई को 1 साल पहले मारने की धमकी दी गई थी। इस बारे में पुलिस में मुकदमा भी पंजीकृत कराया गया था। उन्होंने बताया कि मुन्ना बजरंगी गैंग ने उनकी भाई की हत्या की है और उसे दुर्घटना का रूप दिया है। इस संबंध में लोकेश दीक्षित ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र दिया है। जिलाधिकारी ने मामले में निष्पक्ष न्याय का भरोसा दिया है।












Click it and Unblock the Notifications