उज्जैन : शिवराज कैबिनेट का फैसला, महाकाल कॉरिडोर का नाम अब होगा महाकाल लोक
उज्जैन, 27 सितंबर : महाकाल कॉरिडोर के लोकार्पण से पहले शिवराज सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए अपनी कैबिनेट बैठक धार्मिक नगरी उज्जैन में आयोजित की, जिसमें महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए शिवराज कैबिनेट ने महाकाल कॉरिडोर का नाम महाकाल लोक रखने का फैसला लिया है। इस कैबिनेट बैठक की खास बात ये रही की इस कैबिनेट बैठक में बाबा महाकाल की तस्वीर सामने रखी गई थी, जिसके चलते कैबिनेट बैठक की मुख्य सीट पर बाबा महाकाल की तस्वीर विराजमान कर पास की सीट पर सीएम शिवराज और अन्य मंत्री बैठे दिखाई दिए। लंबे वक्त के बाद शिवराज कैबिनेट की बैठक राजधानी भोपाल से बाहर धार्मिक नगरी उज्जैन में आयोजित की गई थी, जिसमें शामिल होने सीएम शिवराज सिंह चौहान समेत तमाम मंत्री, उज्जैन पहुंचे थे। कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले भी लिए गए।

बैठक से पहले सीएम शिवराज का संबोधन
कैबिनेट की बैठक से पहले संबोधित करते हुए, सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, सबसे पहले महाकाल महाराज के चरणों में प्रणाम उनकी कृपा हमारे प्रदेश पर, उज्जैनी पर, पूरे देश पर बरसे। सब सुखी हों, सब निरोगी हो, सबका मंगल हो, सबका कल्याण हो। भौतिकता की अग्नि में दग्द विश्व मानवता को हमारा देश शाश्वत शांति के पथ का दिग्ग दर्शन कराएं। इन्ही मंगल कामनाओं के साथ उनसे प्रार्थना करते हुए, क्योंकि महाकाल महाराज यहां के राजा हैं, और हम लोग सेवक हैं। आज की बैठक हम सेवक के नाते महाकाल महाराज की नगरी में उनसे प्रार्थना करके कर रहे हैं, और उनकी कृपा और आशीर्वाद की प्रार्थना कर रहे हैं।

बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय
कैबिनेट की बैठक के बाद गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि, 2017 में जब शिवराज सिंह जी मुख्यमंत्री थे, उस समय यह जो हमारा महाकाल लोक है, इसके विस्तार के लिए प्रस्ताव पास हुआ था, और उस समय इसकी कल्पना को मूर्त रूप देने के लिए कल्पना बनाई थी, उसके बाद साल 2018 में इसके टेंडर बुलाए गए, उसके बाद कांग्रेस की सरकार आने पर यह ठंडे बस्ते में चला गया। इसके बाद जब 2020 में शिवराज सिंह जी वापस आए, तब इस योजना को विस्तारित करके इसकी राशि बढ़ाकर 856 करोड़ रुपए की योजना को चरणबद्ध तरीके से लागू किया, जिसमें 351 करोड रुपए का पहला चरण, 310 करोड़ का दूसरा चरण। इस तरह से योजना का पहला चरण आपके सामने हैं, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं लोकार्पित करने आ रहे हैं।

11 अक्टूबर को होना है लोकार्पण
लंबे इंतजार के बाद आखिरकार वो वक्त नजदीक है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 11 अक्टूबर को महाकाल कॉरिडोर का लोकार्पण करेंगे। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे और महाकाल कॉरिडोर से जुड़ी तैयारियों का सिलसिला जारी है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 अक्टूबर की शाम लगभग साढ़े 5 बजे धार्मिक नगरी उज्जैन आएंगे, जहां महाकाल दर्शन के बाद वे महाकाल कॉरिडोर का लोकार्पण करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगभग 3 घंटे उज्जैन में रहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications