Mahashivratri 2023 पर बना वर्ल्ड रिकॉर्ड, लाखों दीपों की रौशनी से जगमगाई महाकाल नगरी
18 लाख 82 हजार 229 दीपक जलाकर उज्जैन की जनता ने नया विश्व रिकॉर्ड बनाया है। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने जनता को संबोधित कर कहा की, भगवान महाकाल की नगरी में सब कुछ अलौकिक है।

Recommended Video

धार्मिक नगरी उज्जैन में महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर प्रदेश के मुखिया सीएम शिवराज सिंह चौहान ने दीप प्रज्वलित कर "शिव ज्योति अर्पणम: 2023'' कार्यक्रम का शुभारंभ कर भगवान महाकाल से जगत के कल्याण और मंगल के लिए प्रार्थना की है। 18 लाख 82 हजार 229 दीपक जलाकर उज्जैन की जनता ने नया विश्व रिकॉर्ड बनाया है। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने जनता को संबोधित कर कहा की, भगवान महाकाल की नगरी में सब कुछ अलौकिक है। आज से विक्रम उत्सव का भी शुभारंभ हो रहा है, जो वर्ष प्रतिपदा तक चलेगा। महाशिवरात्रि का पावन पर्व है। भगवान महाकाल की कृपा बरस रही है। चारों तरफ आनंद की वर्षा हो रही है, इस आनंद में हम डूबे हुए हैं।

सीएम शिवराज ने कही ये बात
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, माँ, बहन और बेटी में मैं देवी के दर्शन करता हूँ। इसलिए गरीब और निम्न मध्यवर्गीय परिवार की बहनों के सशक्तीकरण के लिए लाड़ली बहना योजना प्रारंभ कर रहा हूं। हमारी बहन-बेटियाँ आगे बढ़ सकें, इसके लिए प्रतिमाह गरीब बहनों के खाते में ₹1 हजार डाले जाएंगे। जनभागीदारी का जैसा उदाहरण अवंतिकावासियों ने बनाया है, वैसा दुनिया में अन्यत्र दुर्लभ है। इसके लिए उज्जैनवासियों का अभिनंदन करता हूँ। यह जनभागीदारी बनी रहे। स्वच्छता में भी हम उज्जैन को नम्बर 1 बनाएंगे। साथ मिलकर मध्यप्रदेश और उज्जैन को आगे बढ़ाएंगे। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में एक गौरवशाली, वैभवशाली, समृद्ध और शक्तिशाली भारत का निर्माण हो रहा है। महाकाल महाराज की कृपा से अपना मध्यप्रदेश भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।

सीएम शिवराज ने किया पूजन - अर्चन
महाशिवरात्रि के अवसर पर प्रदेश के मुखिया सीएम शिवराज सिंह चौहान शनिवार को अपने उज्जैन प्रवास के दौरान भगवान महाकालेश्वर के मन्दिर में पहुंच कर सपत्निक भगवान महाकालेश्वर के दर्शन किये एवं पूजन-अर्चन किया। पूजा पं.घनश्याम पुजारी एवं पं.प्रदीप गुरूजी ने कराई। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भगवान महाकालेश्वर से प्रदेश के सभी लोगों के लिये मंगल कामना की है। इस दौरान उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.मोहन यादव, सांसद अनिल फिरोजिया, महापौर मुकेश टटवाल, महिदपुर विधायक बहादुरसिंह चौहान, पूर्व सांसद चिन्तामणि मालवीय, पूर्व विधायक राजेन्द्र भारती, बहादुरसिंह बोरमुंडला, विवेक जोशी, विशाल राजौरिया सहित जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

पूजन - अर्चन का सिलसिला जारी
आम दिनों पर महाकालेश्वर मंदिर के कपाट सुबह 4 बजे होने वाली भस्म आरती के बाद श्रद्धालुओं के लिए खुलते हैं, लेकिन महाशिवरात्रि पर्व पर भगवान महाकाल मंदिर के कपाट तय समय से लगभग 2 घंटे पहले यानी रात 2:00 बजे से ही खुल गए हैं, जहां पुजारियों द्वारा किए गए पूजन अर्चन के बाद भगवान महाकाल श्रद्धालुओं को दर्शन दे रहे हैं। महाशिवरात्रि पर महाकाल मंदिर के पट खुलते ही सबसे पहले विभिन्न प्रकार के फलों के रस से बाबा महाकाल का स्नान करवाया गया, उसके पश्चात पूजन के पश्चात बाबा महाकाल को भस्म रमाई गई। लगभग 2:30 बजे से शुरू हुआ पूजन सुबह 4:30 बजे तक जारी रहा, जिसके बाद से आम श्रद्धालुओं के दर्शन की शुरुआत हुई। महाशिवरात्रि पर सतत 44 घंटे मंदिर के पट खुले रहेंगे, और बाबा महाकाल की चार पहर की पूजा अर्चना की जाएगी।
ये भी पढ़े- Video: Mahashivratri 2023 पर Mahakal को रमाई भस्म, दरबार में लगा भक्तों का तांता












Click it and Unblock the Notifications