Ujjain News: प्रजा का हाल जानने निकलेंगे महाकाल, सवारी की तैयारी पूरी
उज्जैन में श्रावण-भादौ मास में आयोजित होने वाली बाबा महाकाल की सवारियों के संबंध में गुरुवार को प्रशासनिक संकुल भवन में कलेक्टर उज्जैन नीरज कुमार सिंह की उपस्थिति में भजन मंडलियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अधिकारियों द्वारा भजन मंडलियों के साथ बाबा महाकाल की सवारी के सुव्यवस्थित संचालन और श्रद्धालुओं को सुगमतापूर्वक दर्शन के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।

श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रशासक मृणाल मीणा ने बताया कि, भजन मंडलियों के सुचारू संचालन और अनधिकृत प्रवेश पर अंकुश लगाने के लिए प्रत्येक भजन मंडली को अलग-अलग कलर के पास दिए जायेंगे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयंत सिंह राठौड़ ने भजन मंडलियों से सवारी में सतत आगे बढ़ाने की बात कहीं। ताकि बाबा की सवारी का व्यवस्थित संचालन हो और श्रद्धालु भी भजनों का आनंद ले सके।
प्रशासक मीना ने बताया कि, मुख्यमंत्री डॉ यादव की मंशानुरूप इस बार संस्कृति विभाग के माध्यम से जनजातीय कलाकारों का दल भी बाबा महाकाल की सवारी में अपनी प्रस्तुति देगा। बैठक में भजन मंडलियों द्वारा भी व्यवस्थित आयोजन के संबंध में सुझाव दिए गए।
बैठक में अपर कलेक्टर अनुकूल जैन, एसडीएम एल एन गर्ग, सहायक प्रशासक जूनवाल तथा जय महाकाल भक्त मंडली, भस्म आरती मंडली, भस्म रमैया भक्त मंडली, महाकाल श्यन मंडली, कालभैरव संस्कृति मंडली, वीर तेजाजी मंडली, भस्मरमैया मंडली, जय महाकाल रामायण मंडली, नागचंद्रेश्वर भक्त मंडली के प्रतिनिधि शामिल हुए।
उज्जैन में गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी श्रावण-भादौ मास में भगवान श्री महाकाल की सवारियां निकाली जायेंगी। इस वर्ष भगवान श्री महाकालेश्वर की सात सवारियां निकलेंगी। श्रावण मास की प्रथम सवारी 22 जुलाई को निकाली जायेगी। भादौ मास में भगवान महाकाल की अन्तिम एवं शाही सवारी 2 सितम्बर को निकाली जायेगी। श्रावण मास में पांच सवारी एवं भादौ मास में दो सवारी निकलेगी।
श्रावण-भादौ मास में निकलने वाली सवारियों के क्रम में प्रथम सवारी सोमवार 22 जुलाई, द्वितीय सवारी सोमवार 29 जुलाई, तृतीय सवारी सोमवार 5 अगस्त, चतुर्थ सवारी सोमवार 12 अगस्त, पंचम सवारी सोमवार 19 अगस्त को श्रावण मास में निकाली जायेगी। इसी तरह भादौ मास में षष्टम सवारी सोमवार 26 अगस्त तथा शाही सवारी सोमवार 2 सितम्बर को निकाली जायेगी।
श्री महाकालेश्वर मन्दिर परिसर से निर्धारित समय सायंकाल 4 बजे भगवान महाकाल की सवारी निकलेगी। सवारी श्री महाकालेश्वर मन्दिर से गुदरी चौराहा, बक्षी बाजार, कहारवाड़ी से होते हुए रामघाट शिप्रा तट पहुंचेगी। यहां सवारी का पूजन-अर्चन होने के बाद सवारी रामानुजकोट, मोढ़ की धर्मशाला, कार्तिक चौक, खाती समाज मन्दिर, सत्यनारायण मन्दिर, ढाबा रोड, टंकी चौराहा, छत्री चौक, गोपाल मन्दिर, पटनी बाजार, गुदरी बाजार होती हुई श्री महाकालेश्वर मन्दिर में वापस आयेगी। शाही सवारी 2 सितम्बर को उपरोक्त मार्ग के अलावा टंकी चौराहा से मिर्जा नईमबेग, तेलीवाड़ा चौराहा, कण्ठाल, सतीगेट, सराफा, छत्री चौक, गोपाल मन्दिर, पटनी बाजार, गुदरी चौराहा होते हुए श्री महाकालेश्वर मन्दिर पहुंचेगी।
ये भी पढ़े- Ujjain: सावन में बदलेगी महाकाल की दर्शन व्यवस्था, सामान्य से VIP तक क्या रहेगा खास, जानिए












Click it and Unblock the Notifications