Ujjain news: कई शहरों के महापौर ने एक साथ देखा महाकाल लोक, जमकर की सराहना
इंडियन स्मार्ट सिटी कॉन्क्लेव इंदौर में देशभर से आए विभिन्न नगरों के मेयर, स्मार्ट सिटी के अधिकारी, केंद्र व सरकार राज्य सरकार के नगरीय प्रशासन के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों ने उज्जैन पहुंचकर भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन किए तथा महाकाल लोक का अवलोकन किया।
उन्होंने यहां विकसित किए गए महाकाल लोक की सराहना की है। जन प्रतिनिधियों व अधिकारियों ने निगम आयुक्त से चर्चा में सराहना करते हुए इसे अलौकिक, अद्भुत संरचना बताया। साथ ही कॉन्क्लेव में आए नेशनल मीडिया के वरिष्ठ पत्रकारों ने भी भगवान महाकाल के दर्शन कर महाकाल लोक का अवलोकन किया।

महाकाल लोक का किया भ्रमण
उज्जैन पहुंचे अतिथियों का स्वागत स्मार्ट सिटी के कार्यकारी निदेशक एवं नगर निगम आयुक्त रोशन कुमार सिंह द्वारा किया गया। उन्होंने सभी अतिथियों को महाकाल लोक के विकसित होने वह इसके उज्जैन पर पड़े प्रभाव के बारे में जानकारी प्रदान की। नगर निगम आयुक्त ने बताया कि महाकाल लोक बनने से उज्जैन शहर की अर्थव्यवस्था में भारी बदलाव आया है। यहां पर 2 लाख दर्शनार्थी प्रतिदिन आ रहे है। यहां की वार्षिक आर्थिक गतिविधियां 3000 करोड़ तक पहुंच गई है। यूनिटी मॉल जैसे कई नए प्रोजेक्ट यहां आ गए हैं, तथा उज्जैन-ओम्कारेश्वर टूरिस्ट सर्किट बन गया है। अतिथियों को एक वीडियो फिल्म भी दिखाई गई।
इंदौर आएंगी राष्ट्रपति मुर्मू
इंडिया स्मार्ट सिटी कान्क्लेव के तहत 27 सितम्बर को राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू स्मार्ट सिटी पुरस्कारों का वितरण करेंगी। इस कार्यक्रम में लगभग दो हजार अतिथियों का आगमन होगा। इसमें देश के स्मार्ट शहरों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, नगर निगम आयुक्त, महापौर, अन्य वरिष्ठ अधिकारी, स्मार्ट सिटी के अलावा अन्य शहरों के भी महापौर, नगर निगम आयुक्त और अन्य अधिकारी भाग लेंगे। ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में सभी स्मार्ट शहरों द्वारा प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रदर्शनी में उनके द्वारा किये गये नवाचारों को प्रदर्शित किया गया है। इंदौर आने वाले अतिथियों को इंदौर के नवाचार दिखाये जा रहे हैं।
ये भी पढ़े- 'इंडिया स्मार्ट सिटीज कॉन्क्लेव 2023' में शामिल हुई राष्ट्रपति, इंदौर को मिला "बेस्ट स्मार्ट सिटी" अवॉर्ड












Click it and Unblock the Notifications