उदयपुर में फ्रांसीसी महिला से दुष्कर्म, पार्टी के बाद फ्लैट पर ले गया इवेंट कंपनी में काम करने वाला पुष्पराज
शहर में घूमने आई एक 30 वर्षीय फ्रांसीसी महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक इवेंट कंपनी में काम करने वाले युवक ने पहले पार्टी में दोस्ती की, फिर उसे बहला-फुसलाकर अपनी कार में बैठाया और अपने किराए के फ्लैट पर ले जाकर बलात्कार किया।
वारदात के बाद युवक पीड़िता को सुबह उसके होटल छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता फ्रांस की नागरिक है और 17 अप्रैल से भारत में है। 22 जून को वह दिल्ली से बस के जरिए उदयपुर पहुंची थी। उसी शाम वह अपने दो दोस्तों के साथ 'द ग्रीक फार्म' नामक कैफे में डिनर और पार्टी के लिए गई थी। पार्टी के दौरान एक युवक उनकी टेबल पर आकर बातचीत करने लगा। बाद में वह महिला को सिगरेट पीने के बहाने बाहर ले गया और फिर ड्राइव पर चलने की बात कहकर अपनी कार में बैठा लिया।
फोन की बैटरी खत्म थी, होटल छोड़ने की जगह फ्लैट ले गया आरोपी
महिला ने पुलिस को बताया कि उसने आरोपी से बार-बार उसे होटल छोड़ने को कहा, लेकिन वह उसे अपनी मर्जी से सुक्हेर इलाके में स्थित अपने फ्लैट पर ले गया। महिला का मोबाइल फोन उस समय डिसचार्ज था। जब उसने आरोपी से फोन चार्ज करने को कहा, तो उसने मजबूर कर उसके साथ दुष्कर्म किया।
आरोपी ने मंगलवार सुबह करीब 6 बजे महिला को उसके होटल वापस छोड़ा। पीड़िता ने अपने दो दोस्तों को आपबीती सुनाई, जिसके बाद उन्होंने उसे अस्पताल में भर्ती कराया और पुलिस से संपर्क किया।
आरोपी की पहचान पुष्पराज ओझा उर्फ सिद्धार्थ के रूप में हुई
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान 28 वर्षीय पुष्पराज ओझा उर्फ सिद्धार्थ के रूप में हुई है, जो एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी में काम करता है। पीड़िता की शिकायत पर बड़गांव थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1) (बलात्कार) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
थानाधिकारी पूरन सिंह के अनुसार, पीड़िता का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। "अभी महिला का बयान प्राथमिक रूप से दर्ज किया गया है, विस्तृत बयान अस्पताल से छुट्टी के बाद लिया जाएगा।"
फ्रांसीसी दूतावास को दी गई सूचना, गिरफ्तारी के प्रयास तेज
पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाई गई है और उसकी लोकेशन ट्रेस की जा रही है। दिल्ली स्थित फ्रांसीसी दूतावास को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।
पुलिस इस मामले को बेहद गंभीर मानते हुए जांच में जुटी है। वहीं, महिला पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications