CBSE री-इवैल्यूएशन ने बदली किस्मत, कौन हैं अवनि केजरीवाल, जिनको मिले 500 में से 500 नंबर, बनी टॉपर
Avani Kejriwal: CBSE 12वीं बोर्ड परीक्षा के नतीजे आने के बाद ज्यादातर छात्र अपने अंकों को अंतिम मान लेते हैं। लेकिन झारखंड की एक छात्रा ने अपने प्रदर्शन पर भरोसा रखा और उसी भरोसे ने उसे देशभर में चर्चा का विषय बना दिया। रांची की रहने वाली अवनि केजरीवाल ने री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन किया और उसके बाद जो हुआ, उसने सभी को हैरान कर दिया।
पहले जहां उनके कुल अंक 95.2 प्रतिशत थे, वहीं दो विषयों के अंकों में बढ़ोतरी होने के बाद उनका स्कोर बढ़कर 500 में 500 हो गया। अब अवनि देश की उन चुनिंदा कॉमर्स छात्रों में शामिल हो गई हैं जिन्होंने बोर्ड परीक्षा में परफेक्ट स्कोर हासिल किया है।

री-इवैल्यूएशन के बाद बढ़े 24 अंक
मई में घोषित CBSE कक्षा 12 के परिणाम में अवनि को 95.2 प्रतिशत अंक मिले थे। अकाउंटेंसी, इकोनॉमिक्स और एप्लाइड मैथेमेटिक्स में उन्हें पहले ही 100-100 अंक मिल चुके थे। हालांकि अंग्रेजी और बिजनेस स्टडीज में मिले अंक उन्हें उम्मीद से कम लगे। अंग्रेजी में 81 और बिजनेस स्टडीज में 95 अंक मिलने के बाद उन्होंने उत्तर पुस्तिकाओं की दोबारा जांच कराने का फैसला किया।
ये भी पढ़ें: CBSE री-चेकिंग में बंटे छप्परफाड़ नंबर, किसी का स्कोर हुआ 500/500 तो कहीं बढ़ गए 21 नंबर, मचा बवाल
अंग्रेजी के अंकों ने किया था हैरान
अवनि ने बताया कि अंग्रेजी हमेशा से उनका पसंदीदा विषय रहा है। उन्हें भरोसा था कि इस विषय में उनका प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है। उन्होंने कहा कि अंग्रेजी में 19 अंक कम होना उनकी समझ से बाहर था। इसी वजह से उन्होंने री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन किया। बिजनेस स्टडीज में भी 5 अंक कटने पर उन्हें संदेह हुआ कि मूल्यांकन में कहीं गलती हुई है।
मॉडल आंसर से मिलाया जवाब
अवनि ने बिजनेस स्टडीज की अपनी उत्तर पुस्तिका को CBSE के मॉडल आंसर की के आधार पर जांचा। उन्हें लगा कि उनके जवाब सही थे और इतने अंक कटने का कोई स्पष्ट कारण नहीं दिख रहा था। यही बात उन्हें पुनर्मूल्यांकन कराने के लिए प्रेरित करती रही। बाद में समीक्षा प्रक्रिया में उनके संदेह सही साबित हुए। री-इवैल्यूएशन पूरा होने के बाद अवनि के कुल अंक 24 बढ़ गए। इसके साथ ही उन्हें अंग्रेजी और बिजनेस स्टडीज में भी पूरे 100 अंक मिल गए।
अब उनके पांचों मुख्य विषयों-अंग्रेजी कोर, अकाउंटेंसी, बिजनेस स्टडीज, इकोनॉमिक्स और एप्लाइड मैथेमेटिक्स-में 100-100 अंक दर्ज हैं। इस तरह उनका कुल स्कोर 500 में 500 हो गया।
कौन हैं अवनि केजरीवाल?
अवनि केजरीवाल रांची के धुर्वा स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) सेल टाउनशिप की छात्रा हैं। उन्होंने कॉमर्स स्ट्रीम से कक्षा 12 की पढ़ाई की है। उनके पिता मितेश केजरीवाल रांची के कारोबारी हैं, जबकि उनकी मां पूनम गृहिणी हैं। परिवार का कहना है कि उन्हें 500 अंक मिलने की उम्मीद नहीं थी, लेकिन परिणाम आने के बाद घर में खुशी का माहौल है।
दिल्ली और बेंगलुरु में तलाश रहीं नए अवसर
बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन के बाद अवनि अब अपने आगे के शैक्षणिक सफर की तैयारी में जुटी हैं। उनकी रुचि बिजनेस और फाइनेंस के क्षेत्र में करियर बनाने की है। इसके लिए वह दिल्ली और बेंगलुरु के विभिन्न कॉलेजों में स्नातक स्तर की पढ़ाई के विकल्पों पर विचार कर रही हैं।
ये भी पढ़ें: CBSE कॉपियों की अदला-बदली पर बड़ा खुलासा! कंपनी बोली-सॉफ्टवेयर-सर्वर में नहीं थी गड़बड़ी, किस पर फोड़ा ठीकरा?












Click it and Unblock the Notifications